
_-राजेश बैरागी-_
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर 10 में ट्रैक्टर व मशीनरी निर्माण के लिए एस्कॉर्ट कुबोटा कंपनी को आवंटित भूखंड पर आगामी 20 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए कंपनी द्वारा जहां भव्य पंडाल लगवाया जा रहा है वहीं प्राधिकरण कार्यक्रम स्थल के आसपास युद्धस्तर पर आवश्यक विकास कार्य करा रहा है।आगामी 20 अगस्त को एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले हैं। मुख्यमंत्री यहां यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 10 में भारतीय कंपनी एस्कॉर्ट और जापानी कंपनी कुबोटा के संयुक्त उपक्रम में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाई का शिलान्यास करेंगे।हाल ही में इस कंपनी को भूखंड पर कब्जा दिया गया है।इस कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित शिलान्यास स्थल पर विशाल पंडाल लगाने का कार्य शुरू हो चुका है जबकि प्राधिकरण मुख्यमंत्री के आगमन के दृष्टिगत आसपास आवश्यक विकास कार्य करा रहा है। शिलान्यास स्थल के निकट से गुजर रही एक बिजली लाइन को भी हटा दिया गया है।उल्लेखनीय है कि एस्कॉर्ट कुबोटा कंपनी को यमुना प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इस भूमि पर ग्रीनफील्ड ट्रैक्टर व मशीनरी का निर्माण किया जाएगा। कंपनी द्वारा यहां लगभग साढ़े चार हजार करोड़ रुपए का निवेश किए जाने की संभावना है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि यमुना प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 10 का विकास करने के लिए लगभग तीन सौ करोड़ रुपए का ईपीसी (इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) टेंडर स्वीकृत किया गया है। हालांकि एस्कॉर्ट कुबोटा कंपनी के बाहर केवल इस भूखंड के चारों ओर प्राधिकरण को विकास कार्य कराने हैं।(नेक दृष्टि)
(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)
Leave a Reply