राजेश बैरागी।ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी ट्रेड शो के तीसरे संस्करण का आगाज परसों आगामी 25 सितंबर को होगा। ट्रेड शो की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए कल उत्तर प्रदेश सरकार के दो कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और राकेश सचान इंडिया एक्सपो मार्ट में मीडिया से बात करेंगे। परसों 25 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूपी ट्रेड शो -3 का भव्य शुभारंभ करेंगे। इसके लिए आज ग्रेटर नोएडा, नोएडा व यीडा तीनों प्राधिकरणों के ऊपर से नीचे तक के सभी अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे।
दो वर्ष पहले शुरू हुए यूपी ट्रेड के आयोजन का पहला समाचार प्रकाशित करने का श्रेय मुझे प्राप्त है।तब 2023 में पहले ट्रेड शो के आयोजन में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना और यूपीसीडा सरीखे प्राधिकरणों को खूब पसीना बहाना पड़ा था। नोएडा ग्रेटर नोएडा,यीडा और यूपीसीडा क्षेत्र में कार्यरत औद्योगिक इकाइयों व बिल्डरों को यूपी ट्रेड शो-1 में लाने के लिए इन प्राधिकरणों को पूरा जोर लगाना पड़ा था।परसों यानी 25 सितंबर 2025 को शुरू होने जा रहे तीसरे संस्करण के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इंडिया एक्सपो मार्ट अपने क्षेत्र में होने से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की भूमिका हमेशा मेजबान की रहती है। इसलिए आयोजन स्थल के आसपास सड़क, पार्किंग से लेकर महत्वपूर्ण और अति महत्वपूर्ण लोगों के आगमन और वापस जाने तक की व्यवस्था में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को पूरी ताकत लगानी पड़ती है। चूंकि यह आयोजन राज्य सरकार की पहल पर होता है, इसलिए नोएडा और यीडा तथा यूपीसीडा का क्षेत्रीय कार्यालय भी अपनी अपनी भूमिका निभाते हैं। आज शाम एक्सपो मार्ट में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी, नोएडा सीईओ डॉ लोकेश एम व यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया।कल बुधवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी व राकेश सचान ट्रेड शो से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने के लिए प्रैस से वार्ता करने आ रहे हैं। दोनों मंत्री तैयारियों को भी परखेंगे। इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा उद्घाटन करने से इस ट्रेड शो का महत्व और भी बढ़ गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के साथ देश के नामचीन ब्रांड व उत्पादन सहित विदेशों के भी अनेक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। देश विदेश के उत्पादकों के बीच व्यापारिक बातचीत तथा निवेश संबंधी बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।माना जा रहा है कि इस बार यह ट्रेड शो पिछले दोनों ट्रेड शो से कई गुना भव्य और विशाल होगा
यूपी ट्रेड शो-3: कल मंत्री, परसों मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री










Leave a Reply