स्व महेंद्र सिंह भाटी जैसी दबंग राजनीति की राह पर राजकुमार भाटी!



-राजेश बैरागी-
क्या समाजवादी पार्टी नेता राजकुमार भाटी दादरी के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह भाटी जैसी दबंग राजनीति करने की ओर बढ़ रहे हैं? बीते कल उन्होंने दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित के निकट संबंधी को उनके विरुद्ध सोशल मीडिया पर किए जा रहे कथित दुष्प्रचार के लिए जिस अंदाज में धमकाया, उससे तीन दशक पहले दादरी में चले महेंद्र भाटी युग की याद ताजा हो गईं।
हालांकि राजकुमार भाटी ने जिस बात को मुद्दा बनाकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की,उस तरह की हरकत पर स्व महेंद्र सिंह भाटी शायद ही प्रतिक्रिया देते।इसके बजाय उनके समर्थक ही ऐसे व्यक्ति को समझा देते। राजकुमार भाटी महेंद्र सिंह भाटी के लंबे समय तक साथ रहे थे। उन्हें महेंद्र सिंह भाटी का दादरी में वास्तविक राजनीतिक उत्तराधिकारी भी माना जाता है। महेंद्र सिंह भाटी जनता के हितों के लिए पुलिस प्रशासन से सीधे टकराने को हमेशा तैयार रहते थे। उनकी हत्या के पीछे गैंगवॉर के साथ ही पुलिस प्रशासन से सीधा टकराव भी एक कारण माना जाता है। उन्हें एक दबंग विधायक के तौर पर याद किया जाता है। कमोबेश राजकुमार भाटी भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हैं। ताजा वीडियो दादरी में 29 मार्च को दादरी में होने जा रही समाजवादी पार्टी की रैली से ठीक दो दिन पहले रैली स्थल पर ही बनाया गया है। इसमें राजकुमार भाटी  दादरी पालिका अध्यक्ष गीता पंडित के देवर को सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध नाम लेकर ऊल-जुलूल लिखने के लिए चेतावनी दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें साफ कहते सुना जा सकता है कि यदि वे इशारा कर देंगे तो उसका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। इसके साथ ही वे अपने सीने की ओर हाथ कर कहते हैं कि उनकी दादरी में कोई उनके विरुद्ध ऐसे लिख सकता है क्या। हालांकि राजनीतिक समझ रखने वाले कुछ लोग इसे रैली से पहले राजकुमार भाटी की इसे सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा करने की भी रणनीति मान रहे हैं जबकि कुछ लोगों का मानना है कि दादरी को राजकुमार भाटी के रूप में कई दशकों बाद महेंद्र सिंह भाटी जैसा दबंग नेता मिल गया है।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *