
_-राजेश बैरागी-_
मतदाता सूची विशेष गहन पुनीरिक्षण(एस आई आर) में कथित तौर पर धांधली को मुद्दा बनाकर चुनाव आयोग के बहाने केंद्र सरकार को घेरने में जुटी कांग्रेस आगामी एक नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शहरों से भीड़ इकट्ठा करने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी उद्देश्य से बीते कल से गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में संगठन के साथ बैठकें कर रही पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता व जिला संयोजक डॉ रागिनी नायक ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रैली से दीपावली पर व्यापारियों को होने वाले नुकसान की बात आधारहीन है। उन्होंने कहा रैली में आने वाले लाखों लोग ही इतनी खरीदारी कर ले जाएंगे कि व्यापारियों को रैली से फायदा होगा।डॉ रागिनी नायक ने कहा कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की अवैध जुगलबंदी से लोकतंत्र खतरे में है। लोगों के वोट काट दिए गए। कांग्रेस और विपक्षी दल चुनाव आयोग से जवाब मांगते हैं तो जवाब भाजपा देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आह्वान पर एक नवंबर को देशभर से दस लाख से अधिक लोग दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए देश भर में 210 जिला संयोजक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य लोगों को वोट बचाओ देश बचाओ अभियान से जोड़ना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर कहा कि पार्टी दो सौ सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला, प्रवक्ता दुष्यंत नागर व वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक पंडित सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।(नेक दृष्टि)
Leave a Reply