नोएडा प्राधिकरण: *नये प्रशासनिक भवन में कक्ष का छोटा आकार बना समस्या,एसीईओ कक्ष को बड़ा बनाने के लिए पड़ोस के कक्ष का विलय,इंदु प्रकाश सिंह को पांचवें तल पर भेजा

_-राजेश बैरागी-_

नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर 96 स्थित नये प्रशासनिक मुख्यालय में अधिकारियों के कक्ष उपयोग के लिहाज से छोटे होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। एक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के कक्ष को बड़ा करने के लिए पड़ोस में जमे एक पुनर्नियुक्त अधिकारी को छठे तल से ही चलता कर दिया गया है।नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक भवन अपने अजीबोगरीब डिजाइन के चलते उपयोग के मामले में समस्या बना हुआ है।खासतौर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के लिए छठे तल पर बनाए गए कक्ष इतने छोटे हैं कि अधिकारियों के लिए काम करना मुश्किल है। अधिकारी के बैठने, फाइलें रखने और आगंतुकों को बैठाने को लेकर समस्या उत्पन्न होती है। अधिकारियों से मिलने आने वाले लोगों के लिए कोई प्रतीक्षालय या लाऊंज जैसी व्यवस्था तो है ही नहीं।इन समस्याओं के चलते अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्पराज सिंह के कक्ष को कामकाज के अनुकूल बनाने के लिए पड़ोस वाले कक्ष को भी उनके कक्ष में मिलाया जा रहा है। पड़ोस के कक्ष में सेवानिवृत्त होने के बाद पुनर्नियुक्त अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह बैठते थे। हालांकि छठे तल पर उनके बैठने को लेकर पहले भी चर्चा होती रही थी। दरअसल छठा तल पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी समेत अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के कार्यालय होने से सबसे महत्वपूर्ण तल माना जाता है। शुरुआत में ही इस तल पर बैठने के लिए अधिकारियों में प्रतियोगिता का माहौल था।इंदु प्रकाश सिंह को अब पांचवें तल पर एक वरिष्ठ प्रबंधक(सिविल)को अस्थाई तौर पर आवंटित कक्ष दिया गया है।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *