_-राजेश बैरागी-_
स्थान:गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय का विशाल प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम)
समय:15:00 बजे
कार्यक्रम: प्रेरणा विमर्श 2026 का समापन
दो दिन से चल रहे इस कार्यक्रम में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आना है। प्रेक्षागृह की सीढ़ीनुमा पवेलियनों में अधिकांश लोगों ने अपनी जगह ले ली है। प्रेरणा विमर्श 2026 का मुख्य विषय ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखा गया है। चर्चा थी कि मुख्यमंत्री युवाओं खासतौर पर जेन जी से संवाद कर सकते हैं। हालांकि पवेलियनों की सीढ़ियों पर जेन जी वाले युवाओं और महिलाओं की संख्या बेहद कम है। अधिकांश लोग चालीस वर्ष से अधिक आयु के हैं। मैंने ग्रेटर नोएडा के बीटा सेक्टर में रहने वाले दसवीं कक्षा के छात्र अंश से पूछा,-तुम जेन जी हो? उसने कहा हां मैं 2011 की पैदाइश हूं। मैंने अगला प्रश्न किया,- तुम जेन जी को क्या समझते हो? उसने कहा,- जेन जी खुद को सही समझने वाले लोग हैं। उसने आगे जोड़ा,- लेकिन अपनी बात कहने के लिए बद्तमीज़ी ठीक नहीं है।’ मुख्यमंत्री ने 15:50 पर अपना उद्बोधन शुरू किया। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत बीते कल देश के पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी के उस बयान से की जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के हवाले से हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता को देश के लिए खतरा बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग देश की एकता अखंडता, सामाजिक सद्भाव तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि के लिए खतरा हैं। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा बीते कल प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर किए गए उपहास पर भी कड़ी टिप्पणी की। मुख्यमंत्री का भाषण चल रहा था कि लोग जाने लगे। ऐसे ही वापस जा रहा सिकंदराबाद (बुलंदशहर) विधानसभा क्षेत्र के गांव रंगपुर से आया वंश नामक युवक ने बताया कि वह 2006 में जन्मा था।जेन जी को लेकर उसने कुछ स्पष्ट नहीं कहा।भाषण के बीच में उठकर जाने के प्रश्न पर उसने कहा कि उसे दूर जाना है,वह मुख्यमंत्री को देखने आया था,सो देख लिया। वापस लौट रहे लोगों में शामिल दादरी (गौतमबुद्धनगर)विधानसभा क्षेत्र से आयी दो महिलाओं और एक अधेड़ पुरुष ने बताया कि वे लोग सुबह से ऐसे ही कार्यक्रमों में भूखे प्यासे घूम रहे हैं। पहले दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर के द्वारा बिसाहड़ा गांव में बिजली परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में और अब यहां। मेरे इस प्रश्न पर कि मुख्यमंत्री ने क्या कहा, तीनों ने मुस्कुरा कर कोई जवाब नहीं दिया। सेक्टर 71 नोएडा से आए भाजपा कार्यकर्ता और पेशे से अधिवक्ता कुश ने भी इस प्रश्न का जवाब देने के लिए अपने साथी की ओर देखा।2020 से शुरू हुआ प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित किया जाता है।संघ और भाजपा के लोग इस कार्यक्रम में दस हजार के आसपास जमा हुए। कार्यक्रम सफल रहा परंतु लोग मुख्यमंत्री को देखने आए थे न कि भाषण सुनने।(नेक दृष्टि)
Leave a Reply