कल लोकार्पण होगा नोएडा प्राधिकरण के नये मुख्यालय का,पुराना बनेगा इतिहास

_-राजेश बैरागी-_

भुलाए ना जाने वाले एकमात्र आपातकाल के दौरान 17 अप्रैल 1976 को जन्म लेने वाले अपनी तरह के पहले एकीकृत औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए गठित नोएडा प्राधिकरण को आधी आयु बीतने के बाद आने वाले कल अपना सेक्टर 96 में नवनिर्मित स्थाई और अत्याधुनिक मुख्यालय मिल जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लंबी प्रतीक्षा के बाद कल 27 जून को इसके लोकार्पण के अलावा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला भी रखेंगे।यह महज संयोग ही था कि जिस समय दिल्ली अपने सर्वकालिक दौर की सर्वोच्च शक्तियों का उपयोग कर समूचे देश में आपातकाल चला रही थी,उसी समय दिल्ली के सबसे निकट बाढ़ प्रभावित अति पिछड़े गाजियाबाद और बुलंदशहर के क्षेत्र को भविष्य का सबसे विकसित क्षेत्र बनाने की भी कहानी लिखी गई। शुरुआत के दस वर्षों को छोड़ दें जिसमें 1984 के एक दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या भी हुई, के बाद इस क्षेत्र ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पहले क्नॉट प्लेस, फिर चिल्ला रेग्यूलेटर पर कार्यालय चलाने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने 1980 में सेक्टर 6 में अपना स्थाई कार्यालय बनाया। बाद में विभागों के लिए टिन शेड वाला एनेक्सी भवन तैयार किया गया जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल मौहम्मद उस्मान आरिफ ने किया। विभाग बढ़ते गए तो नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर 6 स्थित मुख्यालय का भी विस्तार होता गया जो साथ बह रहे नाले के ऊपर अतिक्रमण करने तक पहुंचा। अभी जहां प्राधिकरण का स्वागत कक्ष है वह नाले के ऊपर ही है।इसको किसने और किस भवन निर्माण विनियमावली के अंतर्गत अनुमति दी होगी? प्राधिकरण के एक वास्तुकार बताते हैं कि इसकी कोई अनुमति नहीं दी गई है। इसलिए शहर भर के भवनों में अवैध निर्माण को लेकर धारा 10 का नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने वाले नोएडा प्राधिकरण ने अपने अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने की कोई आवश्यकता कभी अनुभव नहीं की। तमाम विस्तार के बावजूद यह मुख्यालय नोएडा प्राधिकरण की प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है। लिहाजा सेक्टर 96 में लंबी उठापटक और लगभग तीन सौ करोड़ रुपए से अधिक धनराशि के व्यय से नोएडा प्राधिकरण का नया, अत्याधुनिक तथा बहुउपयोगी मुख्यालय बनकर तैयार है जिसे आगामी कल लोकार्पित किया जाएगा। बीते कल मैंने संभवतः अंतिम बार सेक्टर 6 में वर्तमान में संचालित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय का दौरा किया और इस सबसे विकसित शहर को विकसित करने वाली इस इमारत के इतिहास को याद किया।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *