राजेश बैरागी।जेवर स्थित निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन शुरू होने को लेकर जिज्ञासा बढ़ती जा रही है।साथी अखबारनवीस दावा कर रहे हैं कि अक्टूबर अंत तक इस बहुप्रतीक्षित और बहुत महत्वाकांक्षी हवाई अड्डे का उद्घाटन हो जाएगा। दावा तो यहां तक किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने के लिए पत्र भी भेज दिया है। यदि बात इतनी आगे बढ़ चुकी है तो संभव है कि अगले महीने की किसी तिथि से जनपद गौतमबुद्धनगर भी देश के नागरिक उड्डयन नक्शे पर दिखाई देने लगे। हालांकि इस सबसे पहले हवाई अड्डे की वर्तमान निर्माणाधीन स्थिति को जान लेना आवश्यक है।
25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों शिलान्यास होने के बाद जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य निरंतर चालू है।कुल मिलाकर 80 प्रतिशत और रनवे व एयरसाइड का 90 प्रतिशत बुनियादी ढांचा पूरा हो गया है।एयरोब्रिज, लिफ्ट और बैगेज हैंडलिंग सिस्टम पूरे हो गए हैं।यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाला इंटरचेंज लगभग पूरा हो गया है, एटीसी लगभग पूरा हो गया है, घरेलू टर्मिनल लगभग पूरा हो गया है लेकिन अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल भवन के इंटीरियर और छत का काम प्रगति पर है।जल और सीवेज प्लांट भी अधूरे हैं। हवाई अड्डे से संबंधित एक महत्वपूर्ण अधिकारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि हवाई अड्डे का ढांचा सहित लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है परंतु अंदरुनी साज सज्जा और सुविधाओं से संबंधित कार्य अभी शेष हैं।इन कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है तो भी पूरा होने में अभी कई महीनों का समय लग सकता है। दरअसल ये सभी कार्य बहुत सूक्ष्म होने के साथ साथ बड़े महत्व के हैं। उल्लेखनीय है कि गौतमबुद्धनगर की वर्तमान जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम ने चार्ज संभालने के तत्काल बाद निर्माणाधीन हवाई अड्डे का दौरा कर प्रगति की जानकारी प्राप्त की थी। लगभग एक पखवाड़े पहले यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यीडा के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने भी हवाई अड्डा स्थल पर जाकर तेजी से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे।फिर भी हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले यात्रियों से ज्यादा हवाई अड्डे के उद्घाटन की जल्दी संभवतः उत्तर प्रदेश सरकार को है। अखबारनवीसों की मानें तो घरेलू, कार्गो और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इस हवाई अड्डे का उद्घाटन अगले महीने अक्टूबर की किसी तिथि को कर दिया जाएगा। हालांकि इस आधे अधूरे हवाई अड्डे से वास्तव में उड़ान कब चालू होंगी, वह तिथि अभी तय नहीं हुई है। हालांकि यह भी एक सच्चाई है कि देशभर में निर्माणाधीन अन्य सभी हवाई अड्डों के मुकाबले नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की गति सबसे तेज है।(
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा: क्या आधा अधूरे हवाई अड्डे का होगा उद्घाटन?










Leave a Reply