
-राजेश बैरागी-
नोएडा प्राधिकरण ने भी इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व प्राप्ति और खर्च के लिए दस हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया है।आज 222 वीं बोर्ड बैठक में प्राधिकरण के लिए बजट निर्धारित करने के साथ धारा 10 का नोटिस निरस्त करने के लिए दो के स्थान पर एक समिति व्यवस्था लागू करने तथा आवासीय व औद्योगिक भूखंडों पर वाणिज्यिक गतिविधियों को अनुमति प्रदान करने के लिए शुल्क निर्धारित करने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नोएडा प्राधिकरण ने इस वित्तीय वर्ष में आय और व्यय के लिए दस हजार करोड़ रुपए से अधिक का बजट तय किया है।222 वीं बोर्ड बैठक के बाद अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण ने इस वर्ष 10290.76 करोड़ आय का लक्ष्य तय किया है जिसके सापेक्ष विकास एवं अन्य मदों में 10004.58 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। प्राधिकरण के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब एक वित्तीय वर्ष के लिए दस हजार करोड़ रुपए से अधिक बजट निर्धारित किया गया है। इस वर्ष में प्राधिकरण शहर में आग से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग को 154.42 करोड़ रुपए जारी करेगा जिससे रोबोट सहित अन्य उपकरण खरीदे जाएंगे।इसी प्रकार दलित प्रेरणा स्थल के अनुरक्षण के लिए राजकीय निर्माण निगम को 107.77 करोड़ रुपए उपलब्ध कराएगा। वंदना त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड बैठक में आवासीय तथा औद्योगिक भूखंडों पर चल रही वाणिज्यिक गतिविधियों को अनुमन्य करने के लिए दोनों प्रकार के भूखंडों की दरों के अंतर का 50 प्रतिशत तथा 25 प्रतिशत एकमुश्त शुल्क लेने का निर्णय लिया गया। बिना अनुमति आवासीय तथा औद्योगिक भूखंडों पर वाणिज्यिक गतिविधियां करने के विरुद्ध धारा 10 के नोटिस के निस्तारण के लिए बोर्ड ने दो समितियों के स्थान पर एक समिति को ही अधिकार प्रदान करने तथा विभागाध्यक्ष स्तर पर ही नोटिस की कार्रवाई निस्तारित किए जाने का निर्णय भी लिया। इसके लिए हाल ही में नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन ने अध्यक्ष विपिन मल्हन के नेतृत्व में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के समक्ष जोरदार मांग रखी थी। एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय शहर की चारों स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं को उच्च न्यायालय इलाहाबाद तथा उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार नक्शा स्वीकृति आदि प्रकरणों में नये सिरे से निर्णय लेने की अनुमति भी प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता औद्योगिक विकास आयुक्त तथा प्राधिकरण अध्यक्ष दीपक कुमार ने की। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना सीईओ क्रमशः कृष्णा करुणेश,रवि कुमार एनजी व राकेश कुमार सिंह,अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल तथा वंदना त्रिपाठी,ओएसडी क्रांति शेखर सिंह व इंदु प्रकाश सिंह, महाप्रबंधक आरपी सिंह, एसपी सिंह,आर के अरोड़ा, मीना भार्गव,लीनू सहगल आदि वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।(नेक दृष्टि)
Leave a Reply