*दादरी विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा प्रत्याशी बनने को प्रयासरत कुशल सिंह के विरुद्ध पति सहित दर्जन भर लोगों पर धोखाधड़ी और गबन की एफआईआर दर्ज*

_-राजेश बैरागी-_

दादरी(गौतमबुद्धनगर) विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर आगामी चुनाव लड़ने के लिए पूरी शक्ति लगा रही महिला उम्मीदवार कुशल सिंह और उनके पति ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पूर्व महाप्रबंधक रविन्द्र तौंगड़ तथा दर्जन भर अन्य लोगों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर नोएडा के थाना सेक्टर 20 में जालसाजी, धोखाधड़ी,गबन आदि आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है।यह मामला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या 11 से संबंधित है। ग्रेटर नोएडा पश्चिम में स्थित 72000 वर्गमीटर का प्राधिकरण द्वारा यह भूखंड गायत्री हॉस्पिटल लिमिटेड एंड रियलकॉन लिमिटेड को आवंटित किया गया था।2011 में इस भूखंड की लीज डीड की गई। इस भूखंड में से पहले 20 हजार वर्गमीटर और फिर 14 हजार वर्गमीटर भूमि कुशल सिंह और उनके पति रविन्द्र तौंगड़ तथा दर्जन भर अन्य लोगों ने बगैर कोई लेन-देन किए एक बेनामी कंपनी इन्टाइस्मेंट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के नाम करा ली। फिर इस भूखंड पर ग्रुप हाउसिंग निर्माण के लिए सीआरसी नामक कंपनी के साथ संयुक्त उपक्रम किया गया।मूल आवंटी द्वारा सब लीज की गई 34000 वर्गमीटर भूमि तथा अन्य स्रोतों से प्राप्त धन में से अपनी हिस्सेदारी मांगे जाने पर आरोपी लोगों द्वारा पीछा करने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में थाना सेक्टर 20 पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर गायत्री हॉस्पिटल लिमिटेड एंड रियलकॉन लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि अवि सिंह द्वारा न्यायालय की शरण ली गई।अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय गौतमबुद्धनगर की अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173(4) के तहत थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। उल्लेखनीय है कि कुशल सिंह आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत दादरी गौतमबुद्धनगर विधानसभा सीट से सत्तारूढ़ पार्टी का टिकट हासिल करने का प्रयास कर रही हैं। उनके द्वारा समूचे विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बड़े नेताओं के फोटो के साथ पोस्टर लगाए गए हैं।(नेक दृष्टि)

(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *