लो हो गया नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन मेरी यात्रा उद्घाटन स्थल तक (1)

लो हो गया नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन
मेरी यात्रा उद्घाटन स्थल तक (१)


-राजेश बैरागी-
मैं उन चंद हजारों लोगों में से एक हूं जो जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास और उद्घाटन के दोनों अवसरों के साक्षी बने हैं।चार वर्ष चार महीने और तीन दिन पहले शिलान्यास कार्यक्रम उतना भव्य नहीं था जितना आज रहा।नींव की ईंट रखा जाना अधिक महत्वपूर्ण है या उद्घाटन, यह प्रश्न सामान्य विचारकों से लेकर दर्शनशास्त्रियों तक के बीच विवाद उत्पन्न कर सकता है। हालांकि किसी भी सपने के साकार होने का उत्सव बड़ा ही होना चाहिए। परी चौक से यमुना एक्सप्रेस वे पकड़ते ही नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की सुगंध वातावरण में अनुभव होने लगी थी। एक्सप्रेस वे के दोनों ओर बड़े बड़े होर्डिंग लगाकर जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने आ रहे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया था। यदि इन होर्डिंग्स की संख्या 100 मान ली जाए तो उनमें से 95 जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने लगवाए थे। एक राजनेता कैसे पूरी महफ़िल लूट सकता है, यह जेवर विधायक से सीखा जा सकता है। एयरपोर्ट उद्घाटन स्थल पर भी उनके ही होर्डिंग पोस्टर दिखाई दिए। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथियों के आने से पहले समाचार चैनलों और मीडियाकर्मियों की  प्राथमिकता भी जेवर विधायक ही बने रहे। एक्सप्रेस वे पर जाते समय वाहनों की एक लंबी फ्लीट हमारे दायें और से गुजरी। उसमें अधिकांश गाडियां फॉर्च्यूनर और इनोवा थीं जिन्हें लाल झंडा लगी एक पुलिस जीप एस्कोर्ट कर रही थी। इस फ्लीट की प्रत्येक गाड़ी में अमूमन एक ही व्यक्ति अर्थात चालक ही सवार था। ये सभी गाडियां लखनऊ पंजीकरण वाली थीं जो एक्सप्रेस वे से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर चढ़कर हवाई अड्डे के अंदर चली गयीं। निस्संदेह ये गाडियां सरकारी थीं जो लखनऊ से हवाई अड्डा उद्घाटन में शामिल होने वाले अधिकारियों को लेकर आई होंगी। सुबह साढ़े दस बजे तक सभास्थल पर भीड़ बहुत नहीं थी। परंतु साढ़े ग्यारह बजने तक पूरा पंडाल खचाखच भर गया। इनमें नोएडा की औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक, स्कूलों के छात्र, एयरपोर्ट निर्माण कार्य में लगे टाटा के श्रमिक, आसपास के ग्रामीणों के अलावा सिकंदराबाद, खुर्जा, बुलंदशहर, मथुरा, दादरी, गाजियाबाद, अलीगढ़,पलवल,फरीदाबाद आदि स्थानों से आए भाजपा समर्थक शामिल थे। औद्योगिक इकाइयों, एयरपोर्ट निर्माण में लगे टाटा के श्रमिकों की आज की वेतन सहित ड्यूटी एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने की थी। स्कूलों के छात्रों की हाजिरी भी इसी कार्यक्रम स्थल पर लगी। कार्यक्रम में आए लोग किस भावना से प्रेरित थे, मोदी और योगी का भाषण कैसा था और उद्घाटन के बावजूद एयरपोर्ट कैसा लग रहा था,इन सब मुद्दों पर चर्चा अगली पोस्ट में…।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *