जेवर में हवाई अड्डा बनवाने के लिए मुख्यमंत्री ने सांसद डॉ महेश शर्मा को दिया श्रेय तो धीरेंद्र सिंह को लेकर होने लगी चर्चाएं

_-राजेश बैरागी-_

जेवर में हवाई अड्डा बनवाने के लिए कौन सा स्थानीय जनप्रतिनिधि श्रेय का वास्तविक हकदार है? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल शनिवार को पहली बार बुलंदशहर में आयोजित एक जनसभा में सार्वजनिक तौर पर कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सांसद डॉ महेश शर्मा ने बनवाया है। एक सीमा तक यह सच भी है।हालांकि मुख्यमंत्री की यह स्वीकारोक्ति लंबी प्रतीक्षा के बाद सामने आई है जबकि पिछले कुछ समय से जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह हर मौके पर ऐसा प्रदर्शन कर रहे थे कि यह हवाई अड्डा उनकी बदौलत बना है। उनके इस बेजा प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री रहस्यमयी चुप्पी साधे रहते थे। एक दो अवसरों पर मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के विकास का सीधा श्रेय धीरेंद्र सिंह को देने में कोई कंजूसी भी नहीं की। शनिवार को अचानक मुख्यमंत्री द्वारा बुलंदशहर में सार्वजनिक मंच से डॉ महेश शर्मा को नोएडा हवाई अड्डा बनवाने का श्रेय देने से राजनीतिक हल्कों में तमाम तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री धीरेंद्र सिंह की विकास पुरुष दिखने की ओवर एक्टिंग से नाराज़ हैं। यमुना प्राधिकरण को अपनी जागीर बना लेने और इसके लिए मुख्यमंत्री से अति निकटता बताने की चर्चाएं भी मुख्यमंत्री तक पहुंच रही हैं। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जेवर विधायक का टिकट के लिए इधर उधर तांका झांकी करने की चर्चाएं भी फिजाओं में तैर रही हैं। बताया जा रहा है कि हवाई अड्डे से पहली उड़ान में क्षेत्र के तथाकथित किसानों को यमुना प्राधिकरण के खर्च पर मुख्यमंत्री से मिलाने लखनऊ ले जाने और इस अवसर पर सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दरकिनार करने को भी मुख्यमंत्री और शासन ने अच्छा नहीं माना है।(नेक दृष्टि)

(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *