*ग्रेटर नोएडा में बिना लाइसेंस फीस चुकाए यूनीपोल पर विज्ञापन व्यवसाय करने वाली फर्म नक्स क्रियेटर ब्लैकलिस्टेड*

_-राजेश बैरागी-_

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक ऐसे यूनीपोल ठेकेदार फर्म को ब्लैक लिस्ट में डालने की कार्रवाई की है जो प्राधिकरण की लाइसेंस फीस तो जमा नहीं कर रहा था परंतु आवंटित यूनीपोल पर विज्ञापन लगाकर मोटी आमदनी कर रहा था। प्राधिकरण द्वारा ब्लैक लिस्ट किए गए ठेकेदार से अपनी बकाया धनराशि वसूलने के लिए उसकी जमानत राशि तथा बैंक गारंटी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही इस क्षेत्र में कार्यरत अन्य ठेकेदारों के विरुद्ध बकाया भुगतान की भी जांच की जा रही है।ग्रेटर नोएडा में एक वर्ष के लिए सड़क किनारे चार यूनीपोल लगाकर विज्ञापन व्यवसाय करने का ठेका हासिल करने वाली फर्म मैसर्स नक्स क्रियेटर को प्राधिकरण द्वारा एक वर्ष के लिए ब्लैक लिस्ट किया गया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी के निर्देश पर उक्त फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के साथ उसकी जमानत राशि तथा बैंक गारंटी भी जब्त की जा रही है। बताया गया है कि फर्म द्वारा प्राधिकरण की तीन करोड़ रुपए से अधिक की देनदारी के विरुद्ध मात्र 52 लाख रुपए भुगतान किए गए हैं। फर्म ने प्राधिकरण द्वारा बार बार भेजे गए नोटिसों का भी कोई जवाब नहीं दिया जबकि आवंटित यूनीपोलों पर विज्ञापन प्रदर्शित किए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि नक्स क्रियेटर का मालिक पिछले दिनों दिल्ली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन क्षेत्र में इसी प्रकार अवैध रूप से यूनीपोल,एफओबी आदि पर विज्ञापन चलाने के लिए एमसीडी अधिकारियों को 15 लाख रुपए घूस देते हुए सीबीआई द्वारा अधिकारियों सहित गिरफ्तार किया गया था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में यूनीपोल, फुटओवर ब्रिज,बस अड्डा आदि स्थानों पर विज्ञापन व्यवसाय करने वाले अधिकांश लोग प्राधिकरणों को चूना लगाने में लिप्त रहते हैं। समय-समय पर इस कार्य में उनकी अधिकारियों के साथ सांठगांठ भी उजागर होती है।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *