ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौराहे पर गौड़ सिटी मॉल में हर रात होता है सबकुछ

_-राजेश बैरागी-

कल तड़के गौड़ सिटी सेंटर के आगे टूटी सड़क निर्माण में लगे श्रमिकों को कुचलने वाले रईसजादे और उसकी कार का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। थाना बिसरख पुलिस को अज्ञात कार और उसके अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। बताया गया है कि घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट न होने से आसपास के सीसीटीवी कैमरों में कार दिखाई तो दे रही है परंतु धुंधली सी।उसका रजिस्ट्रेशन नंबर पढ़ा जाना मुश्किल बना हुआ है। हालांकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कल ही प्रेस नोट जारी कर बताया है कि आगामी एक महीने में साढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च कर प्राधिकरण क्षेत्र के 17 गांवों के डार्क जोन में 2600 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। दावा किया गया है कि इससे सुरक्षा का वातावरण तैयार होगा। दावा यह भी किया गया है कि प्राधिकरण द्वारा अभी तक शहर में एक लाख लाइटें लगाई गई हैं परन्तु घटनास्थल इस रौशनी से महरूम क्यों था, यह प्रश्न अभी तक अनुत्तरित है। बहरहाल कल तड़के हुई इस दुर्घटना ने इस विख्यात चौराहे के चेहरे से नकाब उठा दिया है। किसान चौक, गौड़ सिटी चौराहा और चार मूर्ति चौराहे के तौर पर पहचान रखने वाले इस चौराहे के एक कोने पर स्थित गौड़ सिटी मॉल में दिन में जो होता है वो रात में जो होता है, उसके सामने कुछ भी नहीं है। जैसे रात गहराती है, यह मॉल जवान होने लगता है। इसमें बार,पब, स्पा सबकुछ हैं। सूत्रों का दावा है कि इस मॉल में समय-सीमा बीतने के बाद असल व्यापार शुरू होता है। सूत्रों का यह भी दावा है कि इस मॉल में रात में अवैध और अनैतिक काम होते हैं।जिला आबकारी विभाग बताता है कि गौड़ सिटी मॉल में रात 12 बजे के बाद सबकुछ अगले दिन के लिए टल जाता है। सूत्र बताते हैं कि अगला दिन रात 12 बजे के बाद शुरू हो जाता है और जो दिन में नहीं होता वो रात को होता है। दुर्घटना का समय प्रातः 3:18 बजे बताया गया है। शराब की प्रकृति तीन चार घंटे तक चढ़े रहने की नहीं होती।क्या स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग इस सबसे अनजान हो सकता है? यदि ऐसा है तो फिर इस इलाके का भगवान ही मालिक है।(नेक दृष्टि)

(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *