
_-राजेश बैरागी-_
जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन ने जिला न्यायालय की चारदीवारी तोड़कर जिला उपभोक्ता फोरम परिसर में बनाए गए विवादित और निर्माणाधीन बहुमंजिला अधिवक्ता चैंबर भवन का आज मंगलवार को अचानक उद्घाटन कर दिया। इसके साथ ही बार ने एक मुकदमा दायर कर अदालत से इस भवन को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विरुद्ध स्थगनादेश जारी करने की मांग की है।सूरजपुर स्थित जिला उपभोक्ता फोरम परिसर में अधूरे निर्माण के साथ खड़े विवादित अधिवक्ता चैंबर भवन का आज जिला न्यायालय बार एसोसिएशन ने अचानक उद्घाटन कर दिया। इस भवन के प्रथम तल पर लगे शिलापट्ट पर मुख्य अतिथि के तौर पर जिला जज अतुल कुमार श्रीवास्तव का भी नाम लिखा है। हालांकि इस अवसर के वायरल फोटो में जिला जज मौजूद नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि जिला न्यायालय बार एसोसिएशन द्वारा जिला न्यायालय की चारदीवारी से लगे जिला उपभोक्ता फोरम परिसर में बहुमंजिला अधिवक्ता चैंबर भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस भवन को अवैध बताते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत की गई थी जिसपर संज्ञान लेते हुए प्राधिकरण ने नोटिस जारी कर निर्माण न करने की चेतावनी दे रखी है।बार पदाधिकारियों ने पिछले दिनों प्राधिकरण के वरिष्ठ अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव से मुलाकात कर भवन निर्माण में दखल न देने की मांग की थी। इस सब घटनाक्रम के बीच आज इस अधूरे भवन का उद्घाटन कर दिया गया। इसके साथ ही बार ने सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में एक मुकदमा दायर कर इस भवन के संबंध में प्राधिकरण के विरुद्ध स्थगनादेश की भी गुहार लगाई है। इस संबंध में नेक दृष्टि द्वारा जिला जज श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया जो फोन न उठने के कारण विफल रहा।(नेक दृष्टि)
(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)
Leave a Reply