यमुना एयरोसिटी: *400 कॉमर्शियल भूखंडों के समक्ष मल्टीलेवल पार्किंग स्थल पर मॉल और होटल बनाने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहा है गौरसंस*

_-राजेश बैरागी-_

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में गौरसंस की एयरोसिटी में बिल्डर द्वारा बेचे गए चार सौ व्यवसायिक भूखंडों के मल्टीलेवल पार्किंग स्थल पर मॉल और होटल बनाए जाने का समाचार नेक दृष्टि द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इस मामले में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने व्यवसायिक भूखंडों के आवंटियों की एसोसिएशन तथा बिल्डर का पक्ष सुनने के बाद बिल्डर को आवंटियों की सहमति के बगैर नक्शे में परिवर्तन करने से मना करने का न्यायोचित निर्णय सुनाया था। बताया गया है कि इसके बावजूद बिल्डर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए रिवाइज्ड नक्शे को स्वीकृत कराने के लिए यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों पर दबाव बना रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशानुसार आवंटियों से सहमति हासिल करने के बजाय चुपचाप अपने पुनिरीक्षित नक्शे को स्वीकृति दिलाना चाहता है। इसके लिए भवन निर्माण विनियमावली के नियमों को भी तोड़ मरोड़कर रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उधर आवंटियों की एसोसिएशन ने इस मामले में उच्च न्यायालय में वाद दायर करने का इरादा जाहिर किया है। एक दो आवंटी निजी तौर पर उच्च न्यायालय में वाद दायर कर भी चुके हैं।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *