बिग ब्रेकिंग:1 मई को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ईएसआई हॉस्पिटल का शिलान्यास करने आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


-राजेश बैरागी-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी एक मई (मजदूर दिवस) को ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित ईएसआई हॉस्पिटल का शिलान्यास करेंगे।सात सौ करोड़ रुपए की लागत से यह अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधायुक्त अस्पताल साढ़े तीन सौ बिस्तर का होगा जो यहां कार्यरत लाखों श्रमिकों की चिकित्सा सुविधा के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।गत 13 अप्रैल को नोएडा में हुए हिंसक श्रमिक आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री का श्रमिकों के लिए समर्पित इतनी महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास करने आने से सरकार का श्रमिकों के प्रति गंभीर होने का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रमिकों से संबंधित कुछ और महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी एक मई को नॉलेज पार्क-5 स्थित भूखंड संख्या 6ए पर प्रस्तावित राजकीय कर्मचारी बीमा निगम के साढ़े तीन सौ बिस्तरों वाले हॉस्पिटल का उद्घाटन करने के लिए आएंगे। यह भूखंड 7.2 एकड़ (29300 वर्गमीटर)का है।इसे हाल ही में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रियायती दरों (पांच हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर)पर  ईएसआईसी को आवंटित किया है।इसके निर्माण पर सात सौ करोड़ रुपए लागत आने का अनुमान है। केंद्रीय श्रम मंत्रालय के अंतर्गत इसका निर्माण केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। ईएसआईसी के अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन वर्षों में यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। पूरा अस्पताल भवन बनने से पहले कुछ भाग बन जाने पर यहां श्रमिकों के लिए बहिरंग रोगी विभाग (ओपीडी) तथा डिस्पेंसरी शुरू की जा सकती है। इससे ग्रेटर नोएडा में कार्यरत लाखों श्रमिकों को जल्द से जल्द निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा देने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत 13 अप्रैल को नोएडा में हिंसक श्रमिक आंदोलन को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गंभीरता से लिया था। सरकार ने तत्काल अपर मुख्य सचिव व औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित कर यहां भेजा था जो चार दिनों तक यहीं रहकर स्थिति नियंत्रित करने में जुटा रहा था।इसके साथ ही श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में 21 प्रतिशत की वृद्धि एक अप्रैल से लागू की गई। एक मई दुनिया भर में मजदूर दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित श्रमिकों के लिए समर्पित ईएसआई हॉस्पिटल के शिलान्यास से श्रमिकों के बीच सरकार का उनके प्रति संवेदनशील होने का बड़ा संदेश भी दिया जाएगा।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *