काठमांडू में नाचघर 

राजेश बैरागी।मैं 2012 में उस दिन नेपाल गया था जिस दिन उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल किया था। काठमांडू के त्रिभुवन हवाई अड्डे पर उतरने से ठीक एक घंटा 10 मिनट पहले हम दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थे। दोनों देशों की राजधानियों में इतनी कम दूरी होने के बावजूद दोनों राजधानियों के चाल चरित्र और व्यवस्थाओं में जमीन आसमान का अंतर दिखाई दिया। भारत के उत्तर पूर्व में स्थित इस पहाड़ी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू में हवाई अड्डे से होटल जाते हुए कहीं भी किसी देश की राजधानी में होने का अहसास नहीं हुआ। वहां सामान्य दुकानों पर शराब बेची जा रही थी।उस दिन होली होने के कारण बाजार आधा अधूरा खुला था।शाम के समय होटल से निकलकर आसपास घूमने पर मालूम हुआ कि वहां हर तीसरे चौथे घर या दुकान के ऊपर नाचघर बने हैं।यह क्षेत्र थमेल कहलाता है।उन नाचघरों में छोटे छोटे म्यूजिक सिस्टम लगे हुए हैं और भड़कीले कपड़े पहने कुछ जवान नेपाली लड़कियां वहां रहती हैं।इन नाचघरों तक ग्राहकों को लाने की जिम्मेदारी चौदह पंद्रह वर्ष के नेपाली किशोर उठाते हैं जो विदेशी पर्यटकों को कुछ ऐसा कहकर पटाते हैं,-नाच देखना है तो नाच देखो,शॉट लगाना है तो शॉट लगाओ।’ उनके बहकावे में ऊपर नाचघर नुमा अय्याशी के अड्डे पर पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों को वहां एक गिलास जूस के नाम पर खूब लूटा जाता है। दरअसल बगल में आकर बैठने वाली लड़की अपने लिए एक गिलास जूस या शेक मंगवाने की फरमाइश करती है। बाद में पता चलता है कि यह एक गिलास जूस या शेक हजार बारह सौ से दो हजार रुपए तक का है। विरोध करने पर नाचघर को चलाने वाले लोग तत्काल चाकू जैसे हथियार निकाल लेते हैं। संभवतः एक भी विदेशी पर्यटक इस वेश्यावृत्ति और गुंडागर्दी के बल पर होने वाली लूट की शिकायत वहां की पुलिस से नहीं करता। पुलिस नेपाल की हो या भारत की, उसके लफड़े में पड़ने से अच्छा है कि चुपचाप लुट जाओ।2012 में भी वहां कम्यूनिस्टों की सरकार थी जो इस 9 सितंबर तक चली है। कम्यूनिस्टों का एक प्रसिद्ध नारा है -सर्वहारा का शासन। क्या पिछले डेढ़ दशक में नेपाल में आम नागरिकों के जीवन स्तर में कोई बदलाव आया है? यदि कोई बदलाव आया होता तो अचानक एक दिन में वहां के युवा सड़क पर उतरकर अपनी संसद, राष्ट्रपति भवन, राष्ट्र भवन को आग के हवाले नहीं करते। क्रमशः

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *