_-राजेश बैरागी-_
क्या भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में हाल ही में मतदाता बने 18-20 वर्षीय युवाओं को लक्ष्य कर रही है? आज सोमवार को दादरी(गौतमबुद्धनगर) में आयोजित एक रैली में मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने भाषण में ऐसे युवाओं से कहा कि 2017 से पहले उनकी आयु बहुत कम होगी, इसलिए यहां (रैली) से जाकर अपने माता-पिता से पूछना कि तब कैसा काला राज था। दरअसल पंकज चौधरी अपने भाषण में 2017 से पहले समाजवादी पार्टी के शासनकाल की गलतियां गिना रहे थे। उन्होंने कहा कि वह रंगदारी की सरकार थी और अब ईमानदारी की सरकार है। नोएडा ग्रेटर नोएडा में अपराधियों का बोलबाला था।अब यहां देश और विदेश की औद्योगिक इकाइयां न केवल निवेश कर रही हैं बल्कि युवाओं को रोजगार भी दे रही हैं। केंद्र में वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मोदी सरकार ने अट्ठावन करोड़ से अधिक जन-धन खाते खुलवाए जिनमें से आधे से अधिक महिलाओं के हैं। अब देश का आम आदमी केवल लाभार्थी ही नहीं है,वह विकास की योजनाओं का सहयात्री भी है। रैली को स्थानीय सांसद डॉ महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक तेजपाल सिंह नागर, ठाकुर धीरेंद्र सिंह, श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र सिंह भाटी, पंकज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी आदि दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया।सभा की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने की।आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा के तौर पर आयोजित इस रैली का आयोजन दादरी ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र सिंह भाटी ने आरवी नॉर्थ लैंड कॉलेज के मैदान पर किया था। इसमें प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। रैली में गौतमबुद्धनगर के अलावा अन्य जनपदों तथा राज्यों से भी भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। एक अनुमान के अनुसार लगभग बीस हजार लोगों ने रैली में उपस्थिति दर्ज कराई।(नेक दृष्टि)
(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdrsti.com देखें)
Leave a Reply