मेरी यात्रा सभास्थल तक (2) *नवाब सिंह नागर वर्सेज डॉ महेश शर्मा:मत पूछ मेरे सब्र की इंतेहा कहाँ तक है*

_-राजेश बैरागी-_

दादरी में सोमवार को आयोजित भाजपा की रैली या जनसभा के कितने मकसद थे? क्या यह रैली गत मार्च में हुई अखिलेश यादव की रैली के जवाब में भाजपा द्वारा गुर्जर बिरादरी को साधने के लिए की गई? क्या इस रैली का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दादरी सीट से आगे बढ़ाने का था?इन सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या इस रैली के माध्यम से भाजपा के दो स्थानीय धुरविरोधी धड़ों के बीच चल रही वर्चस्व की जंग में एक धड़े द्वारा दूसरे धड़े की औकात बताने का प्रयास किया गया?उपरोक्त तीसरे और महत्वपूर्ण प्रश्न को इस शेर के माध्यम से समझने का प्रयास करते हैं,-“मत पूछ मेरे सब्र की इंतेहा कहाँ तक है, तू सितम कर तेरी ताक़त जहाँ तक है। वफ़ा की उम्मीद जिसे होगी उसे होगी, हमें तो देखना है तू बेवफ़ा कहाँ तक है।” यह शेर सोमवार को दादरी में हुई भाजपा की जनसभा में मंच संचालक द्वारा सभी नेताओं की उपस्थिति में हाल ही में क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर आसीन हुए नवाब सिंह नागर को संबोधन के लिए बुलाने के ठीक पहले पढ़ा गया।दो बार के विधायक और राज्यमंत्री रहे नवाब सिंह नागर सत्रह साल तक नेपथ्य में रहने के बाद अब सक्रिय राजनीति में वापस लौटे हैं। उन्हें हाशिए पर रखने का दोष सांसद डॉ महेश शर्मा को दिया जाता है।माना जाता है कि 2009 के लोकसभा चुनाव में नवाब सिंह नागर ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी डॉ महेश शर्मा को हराने के लिए काम किया था। डॉ महेश शर्मा 2014 के लोकसभा चुनाव में जीतकर सांसद और केंद्रीय मंत्री भी बन गए परंतु नवाब सिंह नागर को न फिर विधानसभा का टिकट मिला और न संगठन में ही कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। क्या अब क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवाब सिंह नागर के विरुद्ध डॉ महेश शर्मा की एकतरफा चल रही लड़ाई बराबरी पर पहुंच गई है? राजनीतिक पंडितों का मानना है कि नवाब सिंह नागर और सुरेंद्र सिंह नागर धड़े का दादरी में रैली करने का उद्देश्य डॉ महेश शर्मा धड़े की औकात बताने का ही था।मंच संचालक द्वारा पढ़ा गया शेर अनायास जुबां पर नहीं आया था।मंच पर सहज दिखने के भरपूर प्रयासों के बावजूद दोनों धड़ों के नेताओं की असहजता चेहरे पढ़ने वालों से छिपी नहीं रह सकी। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया ने अपने संबोधन में आगामी विधानसभा चुनाव में सभी से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। उनके आह्वान में स्थानीय भाजपा की धड़ेबाजी की खटपट स्पष्ट सुनाई दे रही थी।(नेक दृष्टि)

(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *