भारत शिक्षा एक्सपो -3 का आगाज कल, उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को सही कोर्स, कॉलेज और करियर का मिलेगा मार्गदर्शन


-राजेश बैरागी-
भारत शिक्षा एक्सपो के तृतीय संस्करण का तीन दिवसीय आयोजन 14 से 16 मई 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा।
गौतमबुद्धनगर के अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों के घोषित होने के साथ ही लाखों विद्यार्थी अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक सही कोर्स, कॉलेज और करियर के चयन की तैयारी में जुट जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 का तीसरा संस्करण विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए शिक्षा मार्गदर्शन, करियर काउंसलिंग और अकादमिक अवसरों की जानकारी का एक व्यापक मंच लेकर आ रहा है। भारत शिक्षा एक्सपो 2026 को भारत और विदेशों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने हेतु एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यह आयोजन विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जिन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा दी है या दे रहे हैं और उपयुक्त कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं प्रोफेशनल कोर्स की तलाश कर रहे हैं। साथ ही, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जो स्ट्रीम चयन और भविष्य की करियर संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन चाहते हैं, वे भी विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, भारत शिक्षा एक्सपो 2026 के साथ औपचारिक रूप से साझेदारी कर रहे फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) द्वारा विश्व गुरु सम्मेलन का आयोजन और संचालन किया जाएगा। यह सम्मेलन एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संवाद मंच के रूप में परिकल्पित है, जिसका उद्देश्य भारत की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे परिवर्तन, नवाचार और वैश्विक ज्ञान नेतृत्व की दिशा में उसकी प्रगति पर सार्थक चर्चा को आगे बढ़ाना है। इस एक्सपो में देश-विदेश के प्रमुख विश्वविदयालय, कॉलेज, स्कूल, एडटेक कंपनियाँ, स्किल डेवलपमेंट संस्थान, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंटस और शिक्षा सेवा प्रदाता एक ही छत के नीचे एकत्र होंगे।इसके अतिरिक्त, प्रिंसिपल्स मीट, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित नाटय प्रस्तुति और पुरस्कारों सहित समापन सत्र भी आयोजित किए जाएँगे।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, इंडिया एक्सपो मार्केट के सीईओ संदीप सरकार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *