जेवर हवाई अड्डे तक मेट्रो का जाल बिछाने के लिए अधिकारी यूरोप की यात्रा पर

राजेश बैरागी।नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तिथि निकट आने के साथ हवाई अड्डे को नोएडा,दिल्ली,गाजियाबाद से सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी के नेतृत्व में एन एम आर सी के अधिकारियों की एक टीम स्विट्जरलैंड गयी हुई है।
ज्यों-ज्यों नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तिथि निकट आ रही है, हवाई अड्डे तक यात्रियों के पहुंचने के साधनों को विकसित करने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हवाई अड्डे तक नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद से हवाई यात्रियों के निर्बाध आवागमन के लिए सार्वजनिक बसों और मेट्रो के संचालन के लिए अध्ययन किया जा रहा है।इसी क्रम में हवाई अड्डे तक नोएडा, दिल्ली व गाजियाबाद से मेट्रो संचालन के अध्ययन के लिए शासन के निर्देश पर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने अधिकारियों की एक टीम को स्विट्जरलैंड भेजा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी के नेतृत्व में एन एम आर सी के तकनीकी विभाग के दो अधिकारियों की यह टीम गत 12 अक्टूबर को गयी थी और 18 अक्टूबर को वापस लौटेगी। सूत्रों के अनुसार यह टीम स्विट्जरलैंड में दूरदराज स्थित महत्वपूर्ण स्थानों के बीच मेट्रो जैसे रेल नेटवर्क के संचालन का अध्ययन करेगी।माना जा रहा है कि आगामी एक से दो वर्ष के दौरान गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तथा नोएडा दिल्ली से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक मेट्रो रेल के एक बड़े नेटवर्क की रूपरेखा दिखाई देने लगेगी। गौरतलब है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन आगामी दिसंबर माह में होने की संभावना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *