ग्रेटर नोएडा में *10 वर्ष बाद 130 मीटर रोड हुई निर्बाध, डीएफसीसी के ऊपर फ्लाईओवर चालू, दादरी सूरजपुर के बीच तिलपता में तीन किलोमीटर लंबे ऐलेवेटेड रोड को भी मिली सैद्धांतिक मंजूरी

_-राजेश बैरागी-_

लगभग दस वर्ष बाद आज 23 जून 2026 को ग्रेटर नोएडा की जीवनरेखा मानी जाने वाली 130 मीटर रोड डीएफसीसी के ऊपर फ्लाईओवर खुल जाने से निर्बाध हो गई। फ्लाईओवर खुलने के साथ हजारों वाहनों ने इसके ऊपर से फर्राटा भरा, वहीं प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी ने भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट से ईस्ट तक इसका जायजा लेकर कमियों को दूर करने के लिए इंजीनियरिंग विभाग को निर्देश दिए। आज ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दादरी सूरजपुर रोड पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए तिलपता गोलचक्कर से दादरी फ्लाईओवर तक तीन किलोमीटर लंबे ऐलेवेटेड रोड बनाने को भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। अब इसकी डीपीआर तैयार की जाएगी।130 मीटर रोड पर डीएफसीसी रेलवे लाइन के ऊपर आज मंगलवार को फ्लाईओवर पूरी तरह खुल जाने से इस रोड से रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। लगभग दस वर्ष पहले रेलवे लाइन बिछाने के लिए यह रोड बंद किया गया था।तब दो ढाई साल तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट से ईस्ट जाने के लिए सूरजपुर होकर जाना पड़ता था। इस बीच डीएफसीसी रेलवे लाइन के नीचे से डबल अंडरपास बनाकर आवागमन चालू किया गया।हालांकि आज फ्लाईओवर चालू होने के साथ ही दोनों अंडरपास बनाने की आवश्यकता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। करोड़ों रुपए खर्च कर अंडरपास क्यों बनाए गए, इसको लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्तमान इंजीनियर और मुख्य कार्यपालक अधिकारी तक हैरान हैं। हैरानी इस बात को लेकर भी है कि जब सूरजपुर कासना रोड पर यह रेलवे लाइन ऐलेवेटेड बनाकर निकाली गई तो यहां दस वर्षों तक कभी अंडरपास और फ्लाईओवर बनाने के नाम पर जनता के पैसे और संसाधनों को बर्बाद करने के साथ एक अजीबोगरीब व्यवधान पैदा क्यों किया गया। यही नहीं, फ्लाईओवर चालू होने के बाद न्यूनतम उपयोग में रह जाने वाले अंडरपास में अपराधिक घटनाएं होने की समस्या भी पैदा हो सकती है।हालांकि आज ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तिलपता गांव में दादरी सूरजपुर रोड पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए तीन किलोमीटर लंबे ऐलेवेटेड रोड बनाने का निर्णय ले लिया।इसे संभवतः उत्तर प्रदेश सेतु निगम से बनवाया जाएगा। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी के द्वारा ग्रेटर नोएडा में यातायात सुगम बनाने के लिए किए जा रहे बड़े प्रयासों में से एक यह ऐलेवेटेड रोड भी होगा।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *