नेक दृष्टि समाचार नामा


अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने संभाली बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण की कमान,कहा -विकास के साथ जनसुविधाओं को प्राथमिकता


-राजेश बैरागी-

2019 बैच की महिला आईएएस अधिकारी अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने आज बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। प्राधिकरण पहुंचने पर सचिव ज्योत्स्ना यादव ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। चिकित्सक से आईएएस बनीं अपराजिता सिंह ने 2019 आईएएस परीक्षा में 82वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने डॉ अंकुर लाठर की जगह ली है जिन्हें हाल ही में फर्रुखाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।पदभार संभालने के तत्काल बाद अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का कार्य केवल विकास करना ही नहीं है बल्कि जनसामान्य के लिए सुविधाएं विकसित करना भी होना चाहिए।

श्रमिक आंदोलन के बाद फिर डीसीपी औद्योगिक का पद सृजित


कमिश्नरेट पुलिस ने गौतमबुद्धनगर में स्थापित 15000 से अधिक औद्योगिक इकाइयों में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा उद्यमी श्रमिक विवादों पर त्वरित कार्रवाई के लिए उपायुक्त औद्योगिक का पद सृजित किया है। उनके अधीन एक सहायक पुलिस आयुक्त, तीन निरीक्षक और विभिन्न पदों पर 25 अन्य पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इस नयी व्यवस्था को तत्काल लागू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 2013 में हुए हिंसक श्रमिक आंदोलन के बाद तत्कालीन जिला पुलिस में डीएसपी औद्योगिक का पद सृजित किया गया था। आंदोलन की यादें धूमिल होने पर वह व्यवस्था भी समाप्त हो गई थी। अब फिर हिंसक श्रमिक आंदोलन होने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने उसी तर्ज पर डीसीपी औद्योगिक का पद सृजित किया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिसरख डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर चलाया बुलडोजर


अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे बुलडोजर की चपेट में आज बिसरख डूब क्षेत्र में 25 हजार वर्गमीटर भूमि पर अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी आ गई। यह खसरा नंबर 333 और 334 की भूमि बताई गई है। वर्क सर्किल 3 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर व प्रबंधक प्रशांत समाधिया के नेतृत्व में प्राधिकरण के बुलडोजर दस्ते ने कॉलोनी को ध्वस्त कर अवैध कॉलोनाइजर्स को कड़ी चेतावनी दी।अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने प्राधिकरण क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध कब्जे और कॉलोनी निर्माण के विरुद्ध निरंतर अभियान जारी रखने की घोषणा की है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बीस किलोमीटर में लगेंगे डब्लू मेटल बीम क्रैश बैरियर


नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को दुर्घटना से बचाने के लिए नोएडा प्राधिकरण डब्लू मेटल बीम क्रैश बैरियर लगवाने जा रहा है। इसपर 4312.69 लाख रुपए लागत आएगी। प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल ए के अरोड़ा ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की संख्या में बड़ी वृद्धि होगी। यात्रियों की सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत प्राधिकरण ने एक्सप्रेस-वे पर बीस किलोमीटर तक बीम क्रैश बैरियर लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं। शीघ्र ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *