पतंजलि बिस्कुट उत्पादन इकाई का उद्घाटन शीघ्र, यमुना प्राधिकरण सीईओ और एसीईओ ने इकाई का निरीक्षण कर लिया जायजा


-राजेश बैरागी-
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाइयों में से एक पतंजलि बिस्कुट उत्पादन इकाई में शीघ्र ही उत्पादन शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के हाथों इसके उद्घाटन होने की संभावना है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह व अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने रविवार को इस इकाई का न केवल भ्रमण किया बल्कि उत्पादन शुरू होने से संबंधित जानकारी भी हासिल की। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 24 में 130 एकड़ भूमि पर योग गुरु बाबा रामदेव की पतंजलि बिस्कुट कंपनी में उत्पादन शुरू करने को लेकर तेजी से काम चल रहा है। यह पतंजलि फूड पार्क की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाई होगी जिसमें पतंजलि का सबसे अधिक पसंद किया जाने वाला दूध बिस्कुट सहित अन्य बिस्कुट ब्रांडों का उत्पादन किया जाएगा। यह यूनिट लगभग सत्तर एकड़ भूमि पर लगाई गई है। इसमें जर्मन प्रोद्योगिकी वाली अत्याधुनिक स्वचालित बिस्कुट उत्पादन मशीनें लगाई हैं। इसमें प्रतिदिन दो सौ टन बिस्कुट का उत्पादन किया जाएगा। मशीनों का उत्पादन परीक्षण किया जा रहा है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह व अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने अन्य अधिकारियों के साथ रविवार को इस इकाई का निरीक्षण कर उत्पादन शुरू करने से संबंधित जानकारी प्राप्त की। पतंजलि प्रवक्ता खगेश कुमार सम्राट ने बताया कि यहां स्थापित बिस्कुट उत्पादन मशीनें अभी तक की सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी वाली मशीनें हैं।इन मशीनों पर लगभग दो सौ करोड़ रुपए लागत आई है। इनसे प्रतिदिन लगभग दो सौ टन बिस्कुट उत्पादन का लक्ष्य है। यहां उत्पादित बिस्कुट देश में तथा विदेशों में भी निर्यात किए जाएंगे। इस इकाई पर लगभग साढ़े छः सौ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं और यहां लगभग दो से पांच हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि पतंजलि फूड पार्क में साठ सत्तर और भी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होगी जिससे इस औद्योगिक पार्क में करोड़ों रुपए का निवेश तथा रोजगार मिलेगा।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *