गाजियाबाद विकास प्राधिकरण:4.70 करोड़ रुपए से गाजियाबाद प्रताप विहार में होगा सौंदर्यीकरण


-राजेश बैरागी-
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रताप विहार योजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन आज रविवार को मेयर सुनीता दयाल , विधायक संजीव शर्मा तथा प्राधिकरण उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल के द्वारा किया गया।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक दोनों ओर के डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज एवं प्रमुख चौराहों का समग्र विकास किया जाएगा। योजना के तहत चयनित स्थानों पर आकर्षक पत्थर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें एक स्थान पर मसाल-आधारित थीम एवं अन्य स्थान पर विशेष डिजाइनयुक्त पत्थर की आकृतियां विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
लगभग 4.70 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना में फुटपाथों का सुदृढ़ीकरण, सेंट्रल वर्ज का विकास तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग कार्य सम्मिलित है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत यह क्षेत्र न केवल अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगा, बल्कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधा विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय निवासियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *