
-राजेश बैरागी-
हमेशा लो प्रोफाइल माना जाने वाला बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण अपने क्षेत्र में नागरिक सुविधाएं विकसित करने के साथ साथ ऐसे स्थल भी विकसित कर रहा है जो बुलंदशहर और खुर्जा जैसे पुराने शहरों को नई पहचान दे रहे हैं।हाल ही में ट्रांसपोर्ट नगर की ग्रीन बेल्ट में चार एकड़ भूमि पर विकसित महर्षि वन नोएडा के सेक्टर 78 में सौ एकड़ भूमि पर बनाए गए वेद वन को टक्कर दे रहा है।
बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण ने गत 16 मार्च को ट्रांसपोर्ट नगर की ग्रीन बेल्ट में बनाए गए महर्षि वन पार्क को आम जनता को समर्पित किया। इसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश के वन राज्यमंत्री डॉ अरुण कुमार ने सदर विधायक प्रदीप चौधरी तथा अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ अंकुर लाठर ने बताया कि महर्षि वन पार्क दो हेक्टेयर भूमि पर 2.76 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। इस पार्क में सात ध्यान कुटिया और सप्त ऋषियों समेत बारह ऋषि मुनियों की मूर्तियों की स्थापना की गई है। इसमें दो जल सरोवर भी बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर 78 में सौ एकड़ भूमि पर वेद वन की स्थापना की है। उसमें भी अगस्त्य, विश्वामित्र समेत सप्त ऋषियों की मूर्तियों के साथ स्थान स्थान पर वेद ऋचाएं उद्धृत की गई हैं। नोएडा के वेद वन की तर्ज पर बीकेडीए के इस महर्षि वन पार्क को भी आम नागरिकों के लिए भ्रमण करने के साथ भारतीय संस्कृति व अध्यात्म तथा योग ध्यान से जोड़ने के उद्देश्य से निर्मित किया गया है। डॉ अंकुर लाठर ने बताया कि इससे पहले गत 4 फरवरी को अपर गंगा नहर के किनारे वल्लीपुरा पिकनिक स्पॉट पर आदि योगी पार्क का लोकार्पण राज्य के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से कराया गया था। यह पार्क 14 सौ वर्गमीटर में लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया। इसमें राख से निर्मित आदि योगी भगवान शिव की मूर्ति स्थापित की गई है। यहां गंगनहर के किनारे भ्रमण पथ, विश्राम स्थलों के साथ दस फूड क्योस्क भी बनाए गए हैं।इसी प्रकार खुर्जा में यहां के पॉटरी उद्योग को पहचान देने के लिए खंडित पॉटरी मैटेरियल से दो एकड़ भूमि पर ‘अनोखी दुनिया’ नाम से पिकनिक स्पॉट विकसित किया गया है। यह प्राधिकरण की कालिंदी आवासीय परियोजना में जीटी रोड से निकट होने के कारण आसपास के जनपदों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।गत 17 जनवरी को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने भी इस पार्क का भ्रमण किया था।(नेक दृष्टि)(
Leave a Reply