
नेक दृष्टि समाचारनामा
नोएडा प्राधिकरण और नगर निगम गाजियाबाद बने वाटर वारियर
-राजेश बैरागी-
नोएडा प्राधिकरण ने उपचारित जल को अधिकतम पुनः उपयोग करने के लिए एक बार फिर वाटर वारियर का खिताब जीता है जबकि गाजियाबाद नगर निगम को दो श्रेणियों क्रमशः बेस्ट इनीशिएटिव इन सस्टेनेबल अर्बन वॉटर मैनेजमेंट एवं सर्कुलर इकोनामी इन सेनिटेशन हेतु पुरस्कृत किया गया है।
दिल्ली के होटल ललित में आयोजित वर्ल्ड वाटर अवॉर्ड 2025-26 समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल व राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी ने देशभर के स्थानीय निकायों को जलसंरक्षण तथा जल के पुनरुपयोग के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया। यह पुरस्कार भारत सरकार और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किए जाते हैं। नोएडा प्राधिकरण की ओर से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल तथा महाप्रबंधक जल आर पी सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया। गाजियाबाद महापौर सुनीता दयाल व नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दो श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किया। उल्लेखनीय है कि नोएडा प्राधिकरण जहां रोजाना सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से उत्पादित 220 एम एल डी उपचारित जल का उपयोग ग्रीन बेल्ट, पार्क, छिड़काव, अग्निशमन, वेटलैंड तथा विनिर्माण गतिविधियों में उपयोग कर रहा है वहीं गाजियाबाद नगर निगम द्वारा ग्रीन म्युनिसिपल बॉण्ड के अंतर्गत संचालित किए जा रहे टीएसटीपी प्लांट के अंदर शोधित जल का पुनः उपयोग करते हुए औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचने का कार्य किया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण और उद्यमियों के बीच समस्याओं पर संवाद,कई बिंदुओं पर बनी सहमति
नोएडा समेत जनपद गौतमबुद्धनगर के सबसे बड़े उद्यमी संगठन नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन और नोएडा प्राधिकरण के बीच आज मंगलवार को विभिन्न मुद्दों पर संवाद हुआ।एन ई ए अध्यक्ष विपिन मल्हन ने ई निविदा के माध्यम से औद्योगिक भूखंडों की नीलामी, धारा 10 नोटिस की वापसी प्रक्रिया जटिल होने, संपत्ति हस्तांतरण में पुत्रवधू को रक्त संबंधी का दर्जा न मिलने तथा एलएलपी में परिवर्तन पर लगने वाले शुल्क समेत कई बिंदुओं को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के समक्ष रखा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी समस्याओं को बोर्ड तथा अपने स्तर पर सुलझाने का आश्वासन दिया। बैठक में कई और उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे।
यमुना प्राधिकरण ने दो ट्रैक्टर निर्माता समेत तीन कंपनियों को ढाई सौ एकड़ भूमि आवंटित, होगा साढ़े चार हजार करोड़ का निवेश
लखनऊ में आयोजित इन्वेस्ट यूपी 03 के अंतर्गत आज मै एस्कोर्ट कुबोटो लि. को 154 एकड़,मै सी एन एच इंडस्ट्री इंडिया प्रा लि को 100 एकड़ तथा मै सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्री प्रा लि को 30 हजार वर्ग मीटर भूमि का आवंटन पत्र सौंप दिया गया। स्वयं मुख्यमंत्री ने यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह व अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया की उपस्थिति में तीनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को आवंटन पत्र सौंपे। इनमें से एस्कोर्ट कुबोटो कंपनी 2029 करोड़ रुपए से ट्रैक्टर तथा निर्माण संबंधी उपकरणों का उत्पादन करेगी जिसमें 4 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।सीएनएच इंडस्ट्री भी 1219.81 करोड़ रुपए के निवेश से ट्रैक्टर निर्माण करेगी और 1200 लोगों के लिए रोजगार प्रदान करेगी।सन ऑर्गेनिक 225.16 करोड़ की लागत से ड्राई फ्रूट्स की प्रोसेसिंग तथा पैकेजिंग इकाई की स्थापना करेगी।(नेक दृष्टि)
Leave a Reply