दादरी रेलवे रोड पुनरुद्धार-अंदर की बातें:शिलान्यास में क्या है?

राजेश बैरागी।दादरी (गौतमबुद्धनगर) रेलवे रोड को एक बार फिर शिलान्यास का अवसर प्राप्त हुआ। लगभग 25 बरस पहले एक सुबह तत्कालीन सांसद अशोक प्रधान ने जब इस रोड के चौड़ीकरण के साथ पुनरुद्धार का शिलान्यास किया तो उन्हीं की पार्टी भाजपा के विधान परिषद सदस्य रवि गौतम ने उन्हें मंच पर ही भद्र भाषा में गालियां बक कर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी थी। दरअसल रवि गौतम का यह मानना था कि यह उनका जन्मजात राजनीतिक अधिकार क्षेत्र है और अशोक प्रधान जो दिल्ली से आए थे, ने उनके अधिकार पर डाका डाला है। हालांकि अशोक प्रधान जैसा सक्रिय और दमदार सांसद फिर कभी इस क्षेत्र को नहीं मिला और उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रवि गौतम को भारी अंतर से हराया भी।तब भी यह रोड ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खर्च पर ही बना था। यह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उसके तत्कालीन चेयरमैन ब्रिजेश कुमार का दादरी के निवासियों को एक बड़ा उपहार था। पच्चीस बरस में यह रोड काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके साथ बार-बार बने नाले नालियां अपनी गंदगी से खुद भरकर मिट गए। अब इसे फिर बनाया जाएगा।इस के पुनर्निर्माण पर लगभग 16 करोड़ रुपए खर्च होंगे।इस बार भी इसे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ही बनवाएगा । क्या यह शिलान्यास कार्यक्रम बिना मुहूर्त और बिना जरूरत आयोजित किया गया? दरअसल दादरी रेलवे रोड के पुनरुद्धार के लिए पिछले वर्ष 16 फरवरी को दादरी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता पंडित ने दो पत्रकारों के माध्यम से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी से मुलाकात की थी।उनकी मांग पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने तत्काल प्राधिकरण के संबंधित विभाग को सर्वे कर अनुमानित लागत का आंकलन करने तथा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था। राजनीतिक चतुराई न जानने वाली गीता पंडित इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय लेने से चूक गईं और कल बिन मुहूर्त शिलान्यास कार्यक्रम में महज अतिथि बनकर शामिल हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *