राजेश बैरागी।जो दिखता है सो बिकता है। राजनीति शो ऑफ से चलती है। जेवर (गौतमबुद्धनगर) से भाजपा विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह आजकल इन्हीं सिद्धांतों के सहारे अपनी राजनीति चमका रहे हैं।उनकी स्थाई वाह वाह टीम उस प्रत्येक स्थान पर उपस्थित रहती है जहां धीरेंद्र सिंह पहुंचते हैं,विशेष तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों में। उत्तर प्रदेश का शो विंडो कहा जाने वाला जनपद गौतमबुद्धनगर में तीन बड़े औद्योगिक विकास प्राधिकरण नोएडा ग्रेटर नोएडा और यीडा कार्यरत हैं। इनके विकास क्षेत्रों में आये दिन कोई न कोई शिलान्यास या उद्घाटन समारोह होते रहते हैं।इन समारोहों में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री आते हैं। अपने शीर्ष नेता के समक्ष अपनी लोकप्रियता प्रदर्शित करना किसे अच्छा नहीं लगता परंतु प्रदर्शन का गुण सबमें कहां होता है। ठाकुर धीरेंद्र सिंह इस मामले में अपवाद हैं।उनकी स्थाई वाह वाह टीम उनके साथ चलती है। उन्हें मंच पर पहुंचते ही यह टीम उनके जिंदाबाद के नारों से माहौल को भर देते हैं। दिलचस्प यह है कि यह टीम मुख्यमंत्री की शान में कभी एक नारा भी नहीं लगाती है।गत 21 फरवरी को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 28 में एचसीएल फॉक्सकॉन के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप कंपनी के शिलान्यास अवसर पर धीरेंद्र सिंह की इस वाह वाह टीम ने उनके पक्ष में समा बांध दिया था। वह स्थान जेवर विधायक के निर्वाचन क्षेत्र में था और वहां जेवर विधायक ने मुख्यमंत्री की जनसभा को सफल बनाने के लिए सर्वाधिक परिश्रम भी किया था।उस समारोह के बाद यह चर्चा थी कि इसी टीम ने सांसद डॉ महेश शर्मा की उनके संबोधन के दौरान हूटिंग भी की थी। लगभग दो वर्ष पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के सामने हुई मुख्यमंत्री की जनसभा में भी यही नजारा था। जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष भी ठाकुर धीरेंद्र सिंह के समर्थक ही सर्वाधिक संख्या में दिखाई दे रहे थे। उन्हें विधायक द्वारा पहनाई गई एक जैसी टी शर्ट से आसानी से पहचाना जा सकता था। परन्तु पांच मार्च को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कपिल देव के हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में भी यही हुआ। यह हॉस्पिटल दादरी विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। यहां तेजपाल सिंह नागर विधायक हैं परंतु मुख्यमंत्री के सामने पूरे समय जिंदाबाद के नारे ठाकुर धीरेंद्र सिंह के लगते रहे। इससे दादरी विधायक तेजपाल नागर और सांसद डॉ महेश शर्मा थोड़े असहज भी नजर आए। क्या ठाकुर धीरेंद्र सिंह लंबी महत्वाकांक्षा के तहत सांसद का चुनाव लड़ने की भी जमीन तैयार कर रहे हैं? हालांकि यह दूर की कौड़ी है और लोकसभा चुनाव से बहुत पहले 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे जिसके लिए टिकट हासिल करने में भी पूरी जोर-आजमाइश होने की आशंका है। राजनीति संभावनाओं और आशंकाओं का ही खेल है।जो आज सफल है,वह कल फेल भी हो सकता है परंतु इससे जिला भाजपा में एक से अधिक गुटों के परस्पर एक दूसरे को नीचा दिखाने के मजमे का आनंद तो मिलता ही है।
स्थाई वाह वाह टीम से जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह का टेंपों हाई











Leave a Reply