नेकदृष्टि समाचारनामा

राजेश बैरागी।गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय बार एसोसिएशन को उच्च न्यायालय का कारण बताओ नोटिस
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने अधिवक्ताओं द्वारा गाहे बगाहे हड़ताल करने की प्रवृत्ति पर कड़ा रुख अपनाते हुए गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव समेत आठों पदाधिकारियों को बीते जनवरी माह में चार बार न्यायिक कार्य से विरत रहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट के फैजाबाद बार एसोसिएशन बनाम उत्तर प्रदेश बार काउंसिल मामले में 20 दिसंबर 2024 को दिए गए निर्णय को आधार बनाते हुए उच्च न्यायालय की तीन न्यायाधीशों की निगरानी समिति द्वारा 4 फरवरी 2026 को जारी नोटिस में गौतमबुद्धनगर बार पदाधिकारियों से 1,3,5,12 व 21 जनवरी 2026 को न्यायिक कार्य से विरत रहने को लेकर 15 दिनों में अपना स्पष्टीकरण जिला जज गौतमबुद्धनगर को उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। नोटिस में पूछा गया है कि क्यों न सभी पदाधिकारियों को उनके पदों से बर्खास्त कर दिया जाए।
——————-
नोएडा में 38वीं चार दिवसीय बसंत पुष्प प्रदर्शनी 19 से 22 जनवरी तक
नोएडा प्राधिकरण के तत्वावधान में विभिन्न संगठनों, संस्थाओं तथा प्रकृति प्रेमियों के सहयोग से 38वीं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन आगामी 19 से 22 फरवरी तक सेक्टर 33 स्थित हेलीपैड ग्राउंड पर किया जाएगा। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण फूलों से बनी केदारनाथ धाम मंदिर की प्रतिकृति होगी। इस बार जहां आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग की ज्यादा अच्छी व्यवस्था की जाएगी वहीं प्रदर्शनी से फूल पौधे आदि भारी सामान खरीदने वाले लोगों को सशुल्क पोर्टर की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। यह जानकारी एक प्रेस वार्ता में प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने दी।
——————
शारदा केयर दादरी के नवीन हॉस्पिटल में देगा सुपर स्पेशलिटी ओपीडी सेवा
ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क स्थित शारदा केयर शारदा हॉस्पिटल दादरी के प्रसिद्ध नवीन हॉस्पिटल में शीघ्र ही कैंसर, रीढ़ की चोट तथा सांस की बीमारी संबंधी सुपर स्पेशलिटी ओपीडी सेवा शुरू करेगा। यह जानकारी शारदा हॉस्पिटल के कैंसर विशेषज्ञ डॉ अनिंद्य मुखर्जी तथा स्पाइनल कॉर्ड विशेषज्ञ डॉ राहुल कौल ने एक प्रेस वार्ता में दी। इस अवसर पर डॉ नवीन कुमार ने बताया कि दादरी व आसपास के क्षेत्रों के गंभीर रोगियों को चिकित्सा की पहुंच आसान बनाने को यह व्यवस्था की जा रही है।
—————–
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आज फिर की अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी है। प्राधिकरण की तरफ से शुक्रवार को हैबतपर के डूब एरिया में बने शिवम एंक्लेव में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया और लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। विगत 16 दिनों में यह ग्रेनो प्राधिकरण की तरफ से अतिक्रमण के खिलाफ छठवीं बड़ी कार्रवाई है। प्राधिकरण के इस अभियान से अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों में दहशत बढ़ा दी है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
—————-
भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे नोएडा दादरी रोड 15 जून तक होगा दुरुस्त: सीईओ कृष्णा करुणेश
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि हाल ही में आम जनता के लिए खोले गए बरौला भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे की सड़क आगामी 15 जून तक पूरी तरह दुरुस्त करा दी जाएगी। इस संबंध में एलिवेटेड रोड निर्माण एजेंसी उत्तर प्रदेश सेतु निगम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सेतु निगम ने एलिवेटेड रोड के निर्माण की शर्तों के बावजूद नीचे की सड़क को दुरुस्त नहीं किया था। इस संबंध में प्राधिकरण और निगम के बीच मध्यस्थता विवाद भी चला। नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश द्वारा इस मामले में हस्तक्षेप कर निगम को सड़क बनाने का कार्य करने के लिए निगम को सहमत किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *