राजेश बैरागी।18 जनवरी की रात नोएडा सेक्टर 150 स्थित स्पोर्ट्स सिटी के एक भूखंड में भरे पानी में डूबने से हुई इंजीनियर युवराज की मौत मामले में गिरफ्तार बिल्डर कुंवर अभय सिंह की जमानत याचिका पर आज दोपहर बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के न्यायालय में सुनवाई होगी। इस मौके पर न्यायालय द्वारा पिछली सुनवाई में पूछे गए सवालों पर पुलिस द्वारा पेश किए जाने वाले जवाब दिलचस्प हो सकते हैं।
गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय में सीजेएम कोर्ट आज युवराज मामले में गिरफ्तार बिल्डर कुंवर अभय सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी। इस मौके पर बिल्डर को भी जेल से लाकर कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। पिछली सुनवाई में अभियुक्त के अधिवक्ताओं द्वारा इस मामले में पेश साक्ष्यों के आधार पर नोएडा प्राधिकरण और पुलिस को घटना के लिए जिम्मेदार बताया था जिन्होंने बार बार पत्र लिखने के बावजूद घटनास्थल को सुरक्षित करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। न्यायालय ने पिछली दो सुनवाई के दौरान मामले के जांच अधिकारी दरोगा रीगल कुमार से घटनास्थल पर नाला टूटे होने व बैरिकेडिंग न होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का पता लगाने का आदेश दिया था। एक सवाल अभियुक्त की गिरफ्तारी के स्थान को लेकर भी है। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में उसे नोएडा से गिरफ्तार दर्शाया है जबकि उसका दावा है कि उसे पलवल रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी से गिरफ्तार किया गया है। इस बिंदु पर न्यायालय ने अभियुक्त और गिरफ्तार करने वाले दरोगा के मोबाइल फोनों की लोकेशन रिपोर्ट तलब की है। आज न्यायालय के समक्ष पुलिस द्वारा पेश किए जाने वाले जवाबों पर भी सबकी निगाहें रहेंगी
युवराज मामले में सुनवाई आज:न्यायालय के सवालों पर क्या होगा पुलिस का जवाब









Leave a Reply