राजेश बैरागी।26 जनवरी 2026 को देशभर में 77 वां गणतंत्र दिवस जोश खरोश और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी सरकार के प्रधानमंत्री, मंत्रियों तथा विदेशी मेहमानों के समक्ष तिरंगा फहराया वहीं देश के हर हिस्से में सरकारी प्रतिनिधियों यथा मुख्यमंत्री, मंत्री तथा अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा विभिन्न बलों ने शौर्य और शक्ति को प्रदर्शित करने वाली परेड निकालकर नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिया। जनपद गौतमबुद्धनगर तथा आसपास के जिलों में गणतंत्र दिवस समारोहों पर एक रिपोर्ट:-
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर: पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कमिश्नरेट पुलिस ने शानदार तैयारी के साथ परेड व मार्च पास्ट किया।मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्र प्रथम होने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम समेत पुलिस प्रशासन के सभी उच्चाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर महाकुंभ मेले में ड्यूटी करने वाले समेत लगभग एक हजार पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को पदक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण:हमें अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए और अपने कर्तव्यों का निर्वहन ही देश की सच्ची सेवा है। यह उद्गार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस अवसर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने भारत की एकता के लिए संविधान की शपथ भी ली। सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।एसीईओ प्रेरणा सिंह ने ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुनियोजित व सुदृढ़ व अनूठा शहर बनाने के लिए प्राधिकरण कर्मियों को दृढ़ संकल्प होकर कार्य करने की सीख दी। उन्होंने सीईओ एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन में ग्रेटर नोएडा में चल रही विकास परियोजनाओं का भी खाका खींचा। दोनों एसीईओ ने कर्ज तले दबे प्राधिकरण को उबारने का श्रेय सीईओ एनजी रवि कुमार को दिया। कार्यक्रम को ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, पीजीएम संदीप चंद्रा ने भी संबोधित किया। मंच संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
नोएडा प्राधिकरण: नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने ध्वजारोहण के पश्चात प्राधिकरण कर्मियों से देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नोएडा उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश और विदेश के लोगों की भी आकांक्षाओं का शहर है। इसके लिए सभी को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
यमुना प्राधिकरण:यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण कार्यालय में 77 वें गणतंत्र दिवस का समारोह मनाया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह द्वारा झंडारोहण किया गया तथा कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को भारत के संविधान की शपथ दिलवाई गई।श्री सिंह द्वारा प्राधिकरण अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया गया। एसीईओ श्री शैलेंद्र भाटिया ने गणतंत्र दिवस को संविधान लागू किए जाने का उत्सव और जीवन जीने की विधि. बताया और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य, जेवर एयरपोर्ट और उत्तरप्रदेश के योगदान की चर्चा की।गणतत्र दिवस के कार्यक्रम में एसीईओ राजेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, महाप्रबंधक वित्त, महाप्रबंधक परियोजना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन: नोएडा सेक्टर 6 स्थित एनईए मुख्यालय में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने एसोसिएशन अध्यक्ष विपिन मल्हन के साथ ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस अवसर पर उद्यमियों से उत्तर प्रदेश और भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव वी के सेठ सहित सभी पदाधिकारी तथा सैकड़ों उद्यमी उपस्थित रहे।
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान जिम्स ग्रेटर नोएडा:जिम्स निदेशक ब्रिगेडियर डॉ राकेश कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण कर सभी चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों तथा कर्मचारियों को संस्थान को चिकित्सा के क्षेत्र में ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम स्वतंत्रता का मंत्र: वंदेमातरम तथा समृद्धि का मंत्र: आत्मनिर्भर भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत चिकित्सा पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर रहा है जिसमें जिम्स ग्रेटर नोएडा भी एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। समारोह के पश्चात चाइल्ड पीजीआई नोएडा की फैकल्टी के साथ जिम्स फैकल्टी का एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच भी खेला गया। ब्रिगेडियर डॉ राकेश कुमार गुप्ता इस अवसर पर अपनी सेना की वर्दी में नजर आए।
एनटीपीसी दादरी:एनटीपीसी दादरी में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ एनटीपीसी टाउनशिप स्थित महाराणा प्रताप स्टेडियम में भव्य रूप से मनाया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि ए. के. मिश्र, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी दादरी) ने ध्वज फहराकर राष्ट्र को नमन किया तथा उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में ए. के. मिश्र ने ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में एनटीपीसी दादरी की सक्रिय और निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी कर्मचारियों को राष्ट्र निर्माण में अपने सर्वोत्तम योगदान के लिए प्रेरित करते हुए एनटीपीसी दादरी की गौरवपूर्ण यात्रा का उल्लेख किया। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने स्टेशन एवं देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना एनटीपीसी दादरी की कार्यसंस्कृति में रची-बसी है, जो संगठन को सामाजिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर करती है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण:गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण परिसर में उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का मूल उद्देश्य केवल भवन, सड़कों अथवा योजनाओं का विकास करना नहीं है, बल्कि आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज में यह धारणा व्याप्त है कि विकास प्राधिकरण केवल संपन्न वर्ग के हित में कार्य करता है, जबकि इस सोच को बदलना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह बदलाव केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि प्राधिकरण के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के कार्य व्यवहार से परिलक्षित होना चाहिए।
जनपद हाथरस:जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए कहा कि यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारे दायित्व, हमारी विरासत और हमारे संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। भविष्य में ऐसे आयोजनों में केवल अधिकारी/कर्मचारी ही नहीं, बल्कि उनके परिवारीजन भी सहभागिता करें। कलेक्ट्रेट केवल एक कार्यालय नहीं है, बल्कि एक परिवार है।कलेक्ट्रेट एक ऐतिहासिक संस्था है, जो हमें विरासत में मिली है और जिसे हम पिछले 76 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। 26 जनवरी हमें यह याद दिलाती है कि हम केवल पद पर आसीन नहीं हैं, बल्कि संविधान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। संविधान जब न्याय की बात करता है, तो वह हमारी हृदय में उतरता है। जब वह समानता की बात करता है, तो वह हमारे व्यवहार पर दिखता है और जब वह कर्तव्य की बात करता है, तो वह उन अधिकारियों और कर्मचारियों के परिश्रम में झलकता है।
उन्होंने कहा कि आगामी 15 अगस्त के अवसर पर सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने परिवारीजनों के साथ उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सम्मिलित हों। एक सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किया जाए, जिससे नई पीढ़ी इन राष्ट्रीय पर्वों से जुड़ सके।
गणतंत्र दिवस समारोह के पावन मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 डॉ0 बसंत अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट प्रज्ञा यादव, एस0ओ0सी0 चकबंदी, अधिवक्ता प्रेम सिंह यादव, स्टैनो जिलाधिकारी शीलेन्द्र कुमार, ब्रहम्म कुमारी भावना बहन, पेशकार प्रताप चौधरी आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिन उपाध्याय द्वारा किया गया।
बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण: उपाध्यक्ष श्रीमती अंकुर लाठर द्वारा प्राधिकरण परिसर में समस्त स्टाफ की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों कर्मचारियों से संविधान की भावना के अनुसार सेवा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों को पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस मनाने उद्देश्य नागरिकों के लिए नागरिकों का तंत्र होने की सच्चाई को स्वीकार करने से भी है। इस अवसर पर उन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले सेनानियों तथा संविधान निर्माताओं को भी याद किया
नेक दृष्टि 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह समाचार









Leave a Reply