राजेश बैरागी।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र जिन्हें राज्य में नगरीय अवस्थापनाओं का विकास पुरुष भी कहा जाता है, ने आज खुर्जा में सिरेमिक अपशिष्ट से निर्मित पार्क का भ्रमण किया। इस पार्क को ‘अनोखी दुनिया’ नाम दिया गया है और यह आसपास के जनपदों के निवासियों में एक विशेष पिकनिक स्पॉट के तौर पर लोकप्रिय हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव (दिसंबर 2021 से जून 2024) दुर्गा शंकर मिश्र आज शनिवार को एक विशेष दौरे पर खुर्जा पहुंचे जहां उन्होंने अनोखी दुनिया नाम से विकसित किए गए सिरेमिक पार्क का अवलोकन किया। इस अवसर पर बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती अंकुर लाठर व खुर्जा पॉटरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पॉटरी कबाड़ से निर्मित इस अनोखे पार्क की भूरी भूरी प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण की कालिंदी कुंज आवासीय योजना स्थित यह पार्क दो एकड़ भूमि पर बना है। प्राधिकरण और जेन टेक कंपनी द्वारा संयुक्त उपक्रम के रूप में इसे खुर्जा की पॉटरी औद्योगिक इकाइयों से निकले लगभग अस्सी टन कबाड़ से विकसित किया गया है। इसके निर्माण में लगभग छः करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। जीटी रोड से मात्र पांच मिनट की दूरी पर स्थित यह पार्क बुलंदशहर समेत आसपास के आधा दर्जन से अधिक जनपदों के निवासियों के लिए एक खास पिकनिक स्पॉट बन रहा है जहां प्रतिदिन हजारों लोग घूमने आते हैं। नववर्ष के पहले दिन यहां साढ़े पांच हजार लोगों ने आमद की थी। इस पार्क में छह कलाकारों तथा 120 कारीगरों की टीम ने मिलकर लगभग 100 सिरेमिक कलाकृतियां तैयार कीं, जिनमें 28 बड़े इंस्टॉलेशन भी शामिल हैं। टूटे घड़े, प्याले और केतलियों को पुनः उपयोग में लाकर इन्हें जीवंत तथा आकर्षक रूप प्रदान किया गया है
पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र पहुंचे खुर्जा की ‘अनोखी दुनिया’, की भूरी भूरी प्रशंसा









Leave a Reply