यीडा के वन मैप का शुभारंभ, देखभाल के अभाव में नोएडा का वन मैप फांक रहा है धूल

राजेश बैरागी।आज शुक्रवार को हुई 87 वीं बोर्ड बैठक में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अपने वन मैप यीडा पोर्टल की शुरुआत कर दी। यह प्रोद्योगिकी की एक आधुनिक और बेहतरीन सुविधा है जिसके माध्यम से आम नागरिक प्राधिकरण क्षेत्र की अधिकतम जानकारी एक क्लिक में प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही जनपद गौतमबुद्धनगर में कार्यरत तीनों औद्योगिक विकास प्राधिकरण वन मैप की सुविधा से लैस हो गये हैं। परंतु क्या नोएडा प्राधिकरण का वन मैप पोर्टल अद्यतन जानकारियों से लैस है?
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यीडा की 87वीं बोर्ड बैठक की एक विशेष उपलब्धि प्राधिकरण के वन मैप पोर्टल को शुरू करने की रही। इस वन मैप पोर्टल पर आम नागरिक प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर, भूमि के खसरा संख्या, ढांचागत सुविधाओं आदि की जानकारी घर बैठे ले सकेंगे। यह जीआईएस का इन्टरप्राइजेज वर्जन है और प्राधिकरण आगे होने वाले बदलाव और विस्तार की जानकारी स्वयं अपडेट कर सकेगा। क्या नोएडा प्राधिकरण का वन मैप पोर्टल सही सलामत चल रहा है? नोएडा के वन मैप पोर्टल को एन आई सी द्वारा विकसित किया गया था। एक वर्ष तक इसके संचालन और देखभाल की जिम्मेदारी भी एन आई सी की थी। प्राधिकरण की तत्कालीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती रितु माहेश्वरी ने वन मैप पोर्टल को शुरू कराने तथा अपडेट रखने में विशेष रुचि ली थी। उनके समय में यह पोर्टल पूरी क्षमता के साथ संचालित भी हुआ। परंतु ‘आदमी की माया और पेड़ की छाया उसके साथ चली जाती है’ के तर्ज पर रितु माहेश्वरी के स्थानांतरण के साथ ही वन मैप पोर्टल के भी बुरे दिन शुरू हो गये। वर्तमान में इस पर कोई सूचना अद्यतन उपलब्ध नहीं है। दरअसल सरकारी तथा अर्द्ध सरकारी संस्थानों में बहुत सी परियोजनाएं जिस उत्साह और उमंग से शुरू की जाती हैं, समय बीतने अथवा प्रशासक बदलने से उन परियोजनाओं का कोई पुरसाहाल नहीं रहता। नोएडा प्राधिकरण का वन मैप पोर्टल भी इसी गलत परंपरा का शिकार नजर आता है।(

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *