नये सीईओ ने बोर्ड के समक्ष पेश किया प्राधिकरण की योजनाओं का अद्यतन ब्यौरा
राजेश बैरागी।दो महीने पहले नियुक्त हुए यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल की पहली बोर्ड बैठक में आज बोर्ड को प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा प्रस्तावित योजनाओं से अवगत कराय। इसके साथ ही बोर्ड को यह भी बताया गया कि प्राधिकरण द्वारा आवंटित ग्रुप हाउसिंग भूखंडों पर बनने वाली हाईराइज बिल्डिंगों के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा अपनाई जा रही नीति को ही यमुना प्राधिकरण ने भी लागू करने का फैसला किया है। इसी प्रकार आगरा के धराऊ गांव में प्राधिकरण द्वारा विकसित गौशाला तक लगभग 22 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस-वे से संपर्क मार्ग को प्राधिकरण द्वारा निर्माण करने के फैसले से भी बोर्ड को अवगत कराया गया।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) बोर्ड की 86वीं बैठक वर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह की पहली बोर्ड बैठक थी। इस बैठक में सीईओ ने बतौर सदस्य सचिव एक दर्जन से अधिक बिंदुओं पर आधारित एजेंडा प्रस्तुत किया। ये सभी प्रस्ताव पहले से चले आ रहे प्राधिकरण के कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की वर्तमान तक की स्थिति को बताने से संबंधित थे। किसी नयी योजना अथवा प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित किसी नये नीतिगत फैसले से संबंधित कोई प्रस्ताव पेश नहीं किया गया।माना जा रहा है कि नये सीईओ ने एक प्रकार से प्राधिकरण की वर्तमान स्थिति से बोर्ड को अवगत कराया है। इससे आगे उनके नेतृत्व में प्राधिकरण द्वारा किए जाने वाले कार्यों को अलग से पहचान मिल सकेगी। मसलन बोर्ड को बताया गया कि अब तक कितने किसानों को अतिरिक्त मुआवजा तथा 7 प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। पहले चरण के 29 गांवों को स्मार्ट विलेज के तौर पर विकसित करने की क्या स्थिति है, कितने बिल्डरों ने अब तक कितनी बकाया धनराशि का भुगतान कर दिया है तथा आगरा अर्बन सेंटर तथा हाथरस अर्बन सेंटर को विकसित करने के लिए परामर्शदाता संस्थाओं के चयन आदि की क्या प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण अध्यक्ष व अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने की। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नागेंद्र सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र भाटिया व शैलेन्द्र सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य अधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।(











Leave a Reply