
_-राजेश बैरागी-_
नोएडा और गौतमबुद्धनगर के सबसे बड़े उद्यमी संगठन एन ई ए ने हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में लिए गए कुछ महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश का आभार व्यक्त किया है।इन निर्णयों में यूनिफाइड रेग्यूलेशन नीति 2025 में संशोधन,औद्योगिक इकाइयों के हस्तांतरण शुल्क में कटौती, ससुर बहु के बीच संपत्ति हस्तांतरण निशुल्क करने जैसे निर्णय शामिल हैं।एन ई ए के मीडिया प्रभारी सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि अध्यक्ष विपिन मल्हन द्वारा गत 28 अक्टूबर को नोएडा प्राधिकरण बोर्ड द्वारा जनहित तथा उद्यमियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को धन्यवाद पत्र लिखा गया है। पत्र में विपिन मल्हन ने कहा है कि यूनीफाइड रेग्यूलेशन नीति 2025 में संशोधन जैसे कार्यशील औद्यौगिक इकाईयों के हस्तांतरण पर 10 प्रतिशत के बजाय 7 प्रतिशत शुल्क किये जाने से कारोबार के पुनर्गठन व नए निवेशकों के प्रवेश की लागत कम होगी।औद्यौगिक भूखंडों पर निमार्ण पूरा करने और इकाई को कार्यशील करने हेतु एक वर्ष का अतिरिक्त समय दिया गया है, इससे उद्योगों का काफी राहत मिलेगी । शेयरधारिता में बदलाव करने पर बदलाव की सूचना निर्धारित समय में नही देने पर लगने वाला बिलंब शुल्क रू0 500/- प्रतिदिन से घटाकर रू0300/- किए जाने से प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एलएलपी में बदलने की प्रक्रिया भी आसान होगी। पारिवारिक शेयरधारिता हस्तांतरण के नियमों में बदलाव कर सास-ससुर से पुत्रवधु को शेयर हस्तांतरण को शुल्क में छूट के लिए निर्धारित पारिवारिक संबंधों की श्रेणी में शामिल किया गया है, इससे पारिवारिक शेयर ट्रांसफर में राहत मिलेगी।(नेक दृष्टि)
Leave a Reply