नोएडा प्राधिकरण: *नव उद्घाटित मुख्य प्रशासनिक भवन की टावर-1 को 9 मंजिला बनाने की तैयारी, बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव*

_-राजेश बैरागी-_

ठीक दो महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों उद्घाटित नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर 96 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में सभी विभागों को समायोजित करने तथा नव उद्घाटित भवन में कम स्थान के चलते अधूरी पड़ी टावर-1 को 9 या दस मंजिला बनाने की तैयारी की जा रही है। लगभग 9 हजार वर्गमीटर में बनने वाली इस इमारत को टावर-2 के बरअक्स रैंपनुमा बनाने के स्थान पर वर्टिकल शेप में बनाया जाएगा।नोएडा प्राधिकरण आगामी 3 सितंबर को अपनी 223 वीं बोर्ड बैठक करने जा रहा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के कार्यकाल में यह दूसरी बोर्ड बैठक होगी। इससे पहले 6 अप्रैल 2026 को बोर्ड बैठक हुई थी। आगामी बोर्ड बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के साथ प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन की टावर-1 को एक बार फिर बनाने से संबंधित प्रस्ताव भी रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि सेक्टर 96 स्थित प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन का उद्घाटन हाल ही में गत 28 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।390 करोड़ रुपए की लागत से बनी टावर-2 अपने रैंप नुमा डिजाइन के चलते उपलब्ध स्थान के मुकाबले काफी कम उपयोग में आ रही है। यह एक सिरे पर सात मंजिला है तो दूसरे छोर पर केवल दो मंजिला। इसमें आगंतुकों के बैठने के लिए किसी भी तल पर प्रतीक्षालय तक नहीं बनाए गए हैं। यह इमारत प्राधिकरण के सभी विभागों के लिए भी पूरी नहीं पड़ रही है। पहले इस परिसर में दोनों समानांतर भवन एक साथ बनने शुरू हुए थे। स्वीकृत मानचित्र के अनुसार टावर-1 को 17 मंजिला बनाया जाना था।परन्तु निर्माण एजेंसी से विवाद होने तथा समय लंबा खिंचते जाने के कारण प्राधिकरण बोर्ड ने पहले टावर-2 को बनाने का निर्णय सुनाया था। प्राधिकरण सूत्रों के अनुसार अब फिलहाल टावर-2 को 9 या 10 मंजिला बनाये जाने की तैयारी है। आगामी बोर्ड बैठक से स्वीकृति मिलने पर पहले से ढांचे के रूप में तीन मंजिला खड़ी टावर-2 का वर्टिकल शेप में 9 या 10 मंजिल तक निर्माण किया जाएगा। इसके तैयार होने में 3 वर्ष का समय लगने का अनुमान है।(नेक दृष्टि)

(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *