भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष के सम्मान समारोह की तैयारियां जोरों पर *जो कल ना हो सका वो कल होगा*

_-राजेश बैरागी-_

कथित तौर पर बीते कल लखनऊ में कार्यक्रमों के चलते 1 अगस्त को दादरी में पूर्व घोषित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का जो सम्मान समारोह टल गया था,अब 3 अगस्त यानी आने वाले कल होगा। सम्मान समारोह को भव्य बनाने के लिए दादरी स्थित आरवी नॉर्थ लैंड कॉलेज के मैदान पर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का  जनपद गौतमबुद्धनगर में यह प्रथम आगमन भी है।इस बीच क्षेत्रीय अध्यक्ष के तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता नवाब सिंह नागर की भी नियुक्ति हो चुकी है। 1 अगस्त को दादरी में दोनों नेताओं का एकसाथ सम्मान समारोह आयोजित किया जाना था। परंतु अज्ञात कारणों से ऐन वक्त पर यह कार्यक्रम टल गया था। कार्यक्रम के आयोजक दादरी ब्लॉक प्रमुख और भाजपा नेता बिजेंद्र भाटी ने 1 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम की तैयारी भी कर ली थी। बताया गया है कि स्थानीय भाजपा की अंदरूनी खींचतान के चलते ऐन वक्त पर कार्यक्रम को टालना पड़ा। अब 3 अगस्त को दादरी स्थित आरवी नॉर्थ लैंड कॉलेज के मैदान पर होने जा रहे इस सम्मान समारोह के लिए जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। बारिश की संभावना के चलते वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि दादरी में यह अब तक की भाजपा की सबसे बड़ी सभा होगी। इसमें पंद्रह बीस हजार लोगों के पहुंचने की संभावना बताई जा रही है। लोगों को गांव गांव से लाने के लिए लगभग डेढ़ सौ बसें लगाई गई हैं।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *