
_-राजेश बैरागी-_
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की सरसराहट के बीच दादरी विधानसभा सीट पर आने वाली 1 अगस्त की तारीख बहुत अहम् होने जा रही है। इस तारीख को उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के साथ एक बड़े सम्मान समारोह में हिस्सा लेंगे। इस आयोजन की तैयारी से दादरी के आगामी भाजपा प्रत्याशी का नाम भी तय हो सकता है।गौतमबुद्धनगर जनपद की महत्वपूर्ण दादरी विधानसभा सीट पर इस बार सत्तारूढ़ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं जिनका पार्टी से सीधा नाता तक नहीं है परंतु धनकुबेर होने के नाते आगामी विधानसभा चुनाव का टिकट पाने के लिए भाजपा के स्थानीय नेताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक खूब दौड़ लगा रहे हैं। इस बीच आगामी 1 अगस्त को उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख पंकज चौधरी दादरी आ रहे हैं।वे यहां एक बड़े सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह समारोह दादरी स्थित आरवी नॉर्थ लैंड कॉलेज में होगा। यह कॉलेज दादरी ब्लॉक प्रमुख व वरिष्ठ भाजपा नेता बिजेंद्र भाटी का है। इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर और पिछड़े व दलितों को एकजुट करने का संदेश दे सकती है। इस कार्यक्रम को गत मार्च माह में दादरी में हुई समाजवादी पार्टी की रैली की काट भी माना जा रहा है जिसमें अखिलेश यादव आए थे।वह रैली हालांकि सपा के पीडीए को एकजुट करने के नाम पर की गई थी परंतु उसका मुख्य उद्देश्य गुर्जर बिरादरी को सपा के पाले में लाने के लिए था।माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में दादरी विधानसभा सीट से भाजपा के आगामी प्रत्याशी का चेहरा भी स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि बिजेंद्र भाटी ही इस कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार हैं और भीड़ जुटाने का सर्वाधिक प्रयास भी उनके द्वारा ही किया जा रहा है।(नेक दृष्टि)
(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)
Leave a Reply