नोएडा प्राधिकरण के नये कार्यालय में अध्यक्ष का आगमन आज, बैठने की अव्यवस्था पर अधिकारियों को लगा सकते हैं फटकार

_-राजेश बैरागी-_

नोएडा प्राधिकरण का कार्यालय आज कहां है? यह कार्यालय सेक्टर 6 में रहा नहीं और सेक्टर 96 में अभी पहुंचा नहीं है।कल दोपहर बाद नव उद्घाटित कार्यालय में अधिकारियों की उपस्थिति न के बराबर थी। सेक्टर 6 में भी यही हाल था। वहां से फाइलें, फर्नीचर लादे जा रहे थे और सेक्टर 96 में उतारे जा रहे थे। यह प्रक्रिया इतनी सुस्त नजर आई कि अभी एक सप्ताह तक प्राधिकरण में आम जनता के कामकाज की कोई सूरत नज़र नहीं आ रही है। हालांकि अधिकारियों द्वारा मनचाहे कमरों और ऊपर के तलों पर कब्जा करने की बदनीयती के चलते भी नया कार्यालय कामकाज के लिए तैयार नहीं हो पा रहा है। इस कार्यालय में अधिकारियों ने न्यूटन के सिद्धांत को भी धता बता दी है।सभी भारी भरकम अधिकारी नये कार्यालय की ऊंचाई पर बैठना चाहते हैं। प्राधिकरण का औद्योगिक विभाग पांचवें तल पर जमने का हरसंभव प्रयास कर रहा है। जबकि इस और संस्थागत, वाणिज्यिक आदि अन्य विभागों का स्थान भूतल पर निर्धारित है। इन्हीं विभागों में सर्वाधिक लोगों का अपने काम के सिलसिले में आवागमन होता है।आज प्राधिकरण अध्यक्ष दीपक कुमार भी पहली बार नोएडा प्राधिकरण के नये कार्यालय में पहुंच रहे हैं। दीपक कुमार उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास आयुक्त और अपर मुख्य सचिव भी हैं।उनका कक्ष नये कार्यालय में सबसे ऊपर है। संभवतः अधिकारियों के बैठने को लेकर चल रही रस्साकसी और अव्यवस्था पर वे निचले अधिकारियों को डांट भी लगा सकते हैं। बताया गया है कि अभी तक नये प्राधिकरण कार्यालय को व्यवस्थित न होने को लेकर अध्यक्ष दीपक कुमार नाराज भी हैं।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *