
_-राजेश बैरागी-_
यह केवल संयोग हो सकता है कि गौतमबुद्धनगर जिला बेसिक शिक्षा विभाग को आज जब भीषण गर्मी के होने का अहसास हुआ और उसने जिले के कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया उसके लगभग डेढ़ घंटे बाद रामजी बरस पड़े और तापमान नीचे होने के साथ मौसम भी थोड़ा सुहाना हो गया।उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों को गर्मियों की छुट्टियों के बाद इसी 22 जून से खोला गया है।बीते शैक्षणिक सत्र में स्कूलों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित था परंतु भीषण गर्मी के चलते अमूमन सभी जनपदों में जिलाधिकारी के आदेश से स्कूलों का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे कर दिया गया था। गौतमबुद्धनगर जिला बेसिक शिक्षा विभाग इस मामले में देर से जागा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतमबुद्धनगर राहुल पंवार द्वारा आज 29 जून को जारी आदेश के अनुसार कल से जिले के सभी स्कूलों को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खोलने को कहा गया है। इस आदेश को अन्य बोर्डों से संबद्ध तथा निजी स्कूलों पर भी समान रूप से लागू किया गया है। हालांकि स्कूल खुलने के एक सप्ताह बाद समय परिवर्तन का आदेश जारी होने पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं जबकि भीषण गर्मी के चलते अन्य जनपदों में इस प्रकार के आदेश पिछले सप्ताह ही जारी कर दिए गए थे।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)
Leave a Reply