ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एक और उपलब्धि हासिल करने की ओरकिसान चौक पर एनसीआर का सबसे बड़ा और आधुनिक अंडरपास लगभग तैयार


-राजेश बैरागी-
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एक वर्ष के रिकॉर्ड समय में ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित किसान चौक पर बहुउपयोगी अंडरपास को तैयार करने के करीब पहुंच गया है।720 मीटर लंबा और लगभग सात लेन चौड़ा यह अंडरपास न केवल गाजियाबाद को गौतमबुद्धनगर से जोड़ेगा बल्कि गाजियाबाद को यमुना एक्सप्रेस-वे तथा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
किसान चौक या गौड़ सिटी सेंटर चौराहे पर बन रहे अंडरपास का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस चौराहे पर नोएडा,गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के दो हिस्सों से आने वाले यातायात के कारण जाम की भारी समस्या रहती थी। इस समस्या के समाधान के लिए तत्कालीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण ने यहां अंडरपास बनाने का निर्णय लिया था परंतु इसे साकार किया वर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी ने। उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 130 मीटर रोड पर जगह जगह लगने वाले जाम को समाप्त करने के लिए और भी कई महत्वपूर्ण तथा दूरगामी सुधार कराए हैं। अप्रैल 2025 में शुरू हुए अंडरपास पर बिसरख की ओर अंतिम स्लैब डाली जा रही है जबकि नीचे अंडरपास का काम लगभग पूरा हो चुका है। अंडरपास के दोनों खुले सिरों को ढंकने के लिए कैनोपी का सामान मेरठ से पहुंचना शुरू हो गया है। अंडरपास निर्माण पर कुल 82 करोड़ रुपए खर्च किया जा रहा है जबकि कैनोपी लगाने का खर्च सात करोड़ रुपए अलग है। इस अंडरपास के चालू हो जाने से दिल्ली मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 से लोग सीधे गौतमबुद्धनगर जिला मुख्यालय, यमुना एक्सप्रेस-वे तथा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंच सकेंगे।
ग्रेटर नोएडा के महाप्रबंधक सिविल ए के सिंह ने बताया कि इस अंडरपास को जलभराव से मुक्त रखने के लिए दोनों ओर पांच पांच फीट गहरे दो संपवेल बनाए गए हैं जिनमें ढाई फीट पानी भरने पर स्वत: पंप चालू हो जाएंगे। हालांकि कैनोपी से ढंका होने के कारण बारिश का पानी अंडरपास में घुसने की बहुत कम संभावना रहेगी। अंडरपास परियोजना की सतत् निगरानी कर रहे वरिष्ठ प्रबंधक सिविल प्रभात शंकर ने बताया कि यह अंडरपास राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का सबसे चौड़ा अंडरपास होगा।इसकी आने जाने वाली दोनों सड़कें तेरह तेरह मीटर चौड़ी बनाई गई हैं जिनपर एक साथ तीन तीन गाड़ियां आसानी से दौड़ सकेंगी। अंडरपास को जुलाई माह में जनता के उपयोग हेतु खोल देने की संभावना है।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *