कल तो नहीं परंतु एक सप्ताह में हो जाएगा नोएडा प्राधिकरण के नये कार्यालय का उद्घाटन


-राजेश बैरागी-
आज (मंगलवार)को यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई कि नोएडा प्राधिकरण के साढ़े दस वर्षों से बन रहे सेक्टर 96 स्थित नये कार्यालय का उद्घाटन कल होगा। अनुमान लगाए जाने लगे कि मुख्यमंत्री के कर-कमलों से होने वाला बहुप्रतीक्षित उद्घाटन लखनऊ से आभासी तरीके से होगा या मुख्यमंत्री इस कार्य के लिए यहीं पधारेंगे। भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री कल सुबह 11 बजे तक तो उपलब्ध हैं, उसके बाद उन्हें पूर्व तय कार्यक्रमों में शामिल होना है। उधर नये कार्यालय के आसपास न पंडाल और न कोई हलचल होने से भी उद्घाटन को लेकर तमाम चर्चाएं चलने लगीं। बहरहाल शाम होने से पहले तस्वीर साफ हुई कि इस बेहद महत्वपूर्ण किंतु उद्घाटन की बाट जोहती इस इमारत को कल लोकार्पण की तैयारी तो थी परंतु न टाले जाने वाले कारणों से कल भी इसका उद्घाटन नहीं होगा। प्राधिकरण के एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि अब इसका उद्घाटन आगामी 14 या 15 जून को होने की पक्की संभावना है और मुख्यमंत्री यहीं आकर इसी इमारत के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) में आयोजित कार्यक्रम में इसे जनता को समर्पित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी 2016 को बननी शुरू हुई इस इमारत को 2 जनवरी 2019 को पूरा हो जाना था। परंतु न तो तब तक इसका निर्माण कार्य ही पूरा हुआ और कोरोना ने भी दस्तक दे दी। फिर ठेकेदार से झगड़ा, ढांचे की मजबूती को लेकर उठे सवाल और डिजाइन को लेकर भी समय गुजरता गया। छः एकड़ भूमि पर बनकर तैयार नोएडा प्राधिकरण के इस नये कार्यालय के निर्माण में 390 करोड़ रुपए का खर्च आया है। यह एक विशाल कार्यालय भवन है जिसमें प्राधिकरण के अमूमन सभी विभागों को एक ही स्थान पर लाया जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे पर है जिससे यहां आने वाले लोगों को कोई समस्या नहीं होगी। यहां वाहनों को खड़ा करने के लिए कार्यालय भवन के नीचे बेसमेंट में दो तलीय विशाल पार्किंग बनाई गई है। हालांकि शहर के एक सिरे पर होने से फेज थ्री से यहां पहुंचना थोड़ा दूर तो रहेगा। इस सबके बावजूद इस नए कार्यालय भवन के उद्घाटन की प्रतीक्षा सभी को है।(नेक दृष्टि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *