एक बार फिर दो फाड़ हुई जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन, अधिवक्ता की पुलिस प्रताड़ना से लड़ाई चैंबर आवंटन तक पहुंची

राजेश बैरागी।अपने मुवक्किलों के हक के लिए अदालत के सामने भिड़ जाने वाले जिला न्यायालय गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अपने निजी हितों के लिए एक बार फिर दो फाड़ हो गये।दो दिन पहले अधिवक्ता फरीद अहमद के साथ थाना बिसरख पुलिस द्वारा की गई मारपीट की घटना में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के बावजूद और कार्रवाई पर अड़े अधिवक्ताओं के एक धड़े ने आज ‘अधिवक्ता सम्मान बचाओ संघर्ष समिति’ बनाकर न केवल वर्तमान बार कार्यकारिणी के विरुद्ध बगावत का बिगुल फूंक दिया बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट संघर्ष समिति से समर्थन करने की अपील भी कर दी। उधर बार एसोसिएशन ने इस विरोध प्रदर्शन को खारिज करते हुए कल बुधवार को एक आपात बैठक बुलाकर फरीद अहमद और उन्हें समर्थन करने वाले अधिवक्ताओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए नये चैंबर बनाने के लिए भी इसी आपात बैठक में विचार विमर्श करने की घोषणा कर दो वर्ष पहले चैंबर आवंटन में फर्जीवाड़े और धन वसूली के विवाद को भी हवा दे दी है। इसके चलते आज मंगलवार को जिला न्यायालय की विभिन्न अदालतों में मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हुई।कल बुधवार का दिन भी जिला न्यायालय में न्यायिक कार्य की अपेक्षा अधिवक्ताओं के निजी झगड़ों की ही भेंट चढ़ने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *