राजेश बैरागी।मूल रूप से बिहार (अब झारखंड) निवासी 1988 टोली के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह की आज 31 जुलाई की शाम उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव पद से विदाई हो गई। उनके उत्तराधिकारी के तौर पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है जिन्होंने आज ही पदभार संभाल लिया। राज्य सरकार द्वारा बीती 20 जुलाई को केंद्र सरकार को अनुरोध पत्र लिखने के बावजूद मनोज कुमार सिंह सेवा विस्तार पाने में असफल रहे।तेरह महीने के कार्यकाल में बतौर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह काफी सक्रिय रहे। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफी निकट माना जाता था। मनोज कुमार सिंह एक साथ कई पद संभाल रहे थे। उनके पास अति महत्वपूर्ण औद्योगिक विकास आयुक्त का पद भी था। राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा नोएडा ग्रेटर नोएडा व यीडा के संदर्भ में औद्योगिक विकास आयुक्त का पद बहुत महत्व का माना जाता है। मुख्य सचिव पद पर चल रहे कयासों के थमने के बाद अब सबकी निगाहें औद्योगिक विकास आयुक्त पद पर लग गई हैं। सूत्र बता रहे हैं कि नये मुख्य सचिव बहुत सारे पदों पर कुंडली मारकर बैठने के पक्ष में नहीं हैं। इस बात की प्रबल संभावना है कि प्रमुख सचिव उद्योग और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार नये औद्योगिक विकास आयुक्त हो सकते हैं। उनकी इस पद पर नियुक्ति से नोएडा ग्रेटर नोएडा और यीडा औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में कामकाज सुचारू रूप से चलेगा
मनोज कुमार सिंह की विदाई,शशि प्रकाश गोयल नये मुख्य सचिव, अब आईडीसी पद पर लगी सबकी निगाहें

Leave a Reply