राजेश बैरागी।संसार के प्रत्येक जीव में शारीरिक सुंदरता विद्यमान है। उनमें से बहुत से जीव जंतु अपने शत्रु के लिए बहुत ख़तरनाक भी हो सकते हैं। मनुष्य भी ऐसा ही जीव है हालांकि उसे विषधर, मांसाहारी या शिकारी जैसे उपनामों से नहीं पुकारा जाता है। मैं निजी तौर पर सांपों की शारीरिक सुंदरता से बेहद प्रभावित हूं।उनका शरीर चमकीला और कोमल होता है और उसपर भिन्न भिन्न प्रकार की रेखाएं तथा आकर्षक आलेखन उन्हें अन्य जीव जंतुओं से विशिष्ट बनाता है।लहरा कर चलना तो उनकी खास अदा ही होती है। नागिन भी उतनी ही सुंदर होती है। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के थाना दादरी पुलिस ने चार दिन पहले हुई एक युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसकी पत्नी को प्रेमी सहित गिरफ्तार किया है।दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है जिन्होंने इस हत्याकांड को अंजाम देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मृतक गोविंद रावल उर्फ भूरा और प्रीति की शादी अठारह बरस पहले हुई थी। दोनों के पांच बच्चे हैं। गोविंद अंडे की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था।वह शराब पीता था और पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। प्रीति ने गांव के ही रोहित रावल से अवैध संबंध स्थापित किए और अपने पति को मार देने को कहा। रोहित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गोविंद को शराब पिलाकर धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया। मैं वापस नागिन की सुंदरता पर लौटता हूं। कुछ शौकीन लोग अपने घर के एक्वेरियम में खूबसूरत सांप पालते हैं परंतु घर में रखकर भी उसे हमबिस्तर नहीं बनाते।सांप चाहे जितना सुंदर हो, उसके सांप होने से समझौता नहीं किया जा सकता है। पत्नी के बारे में यह सिद्धांत किसी काम का नहीं है। पत्नी सुंदर न भी हो तो भी नागिन हो सकती है।उसे एक्वेरियम में रखकर केवल निहारने का साधन नहीं बनाया जा सकता।वह हमबिस्तर ही नहीं जीवनसाथी भी होती है। उसपर भरोसा न करने का कोई उपाय नहीं है। और भरोसा करने की कीमत प्रीति अपने पति की जान लेकर वसूल ले तो इस रिश्ते का क्या मोल?










Leave a Reply