नोएडा प्राधिकरण का 7 दिवसीय नारी लीड्स स्वच्छता कार्यक्रम:40 लाख के बजट में बदइंतजामी के दर्शन, सीईओ ने दिये जांच के आदेश !

राजेश बैरागी।स्वच्छता अभियान से महिलाओं को जोड़ने के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित 7 दिवसीय ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ कार्यक्रम का आज औपचारिक उद्घाटन किया गया। सेक्टर 33ए स्थित शिल्पहाट परिसर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में बदइंतजामी के चलते स्वच्छता पर ही प्रश्नचिन्ह लग गया।
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ कार्यक्रम का आज सोमवार को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी द्वारा उद्घाटन किया गया। इस 7 दिवसीय कार्यक्रम के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित साड़ी वॉकथान आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के निर्देशानुसार कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। इसके लिए शिल्प हाट परिसर में पंडाल बनाया गया। लगभग एक हजार महिला पुरुषों को आमंत्रित किया गया था। उत्साह के साथ सभी लोग वहां पहुंचे भी। सूत्रों के अनुसार आमंत्रित महिला पुरुषों के बैठने आदि के इंतजाम नाकाफी थे। सबसे अधिक पंडाल के पर्दे, कार्पेट आदि गंदे दिखाई दे रहे थे जबकि कार्यक्रम स्वच्छता से संबंधित था। बताया गया है कि आमंत्रित महिला पुरुषों के बैठने, पेयजल और खाने का भी इंतजाम अच्छा नहीं था। इससे लोगों को असुविधा हुई। इस संबंध में जानकारी मिलने पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए प्रबंधन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तलब कर लिया। बताया तो यहां तक जा रहा है कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इस कार्यक्रम से संबंधित पत्रावली का अनुमोदन करने से इंकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *