नोएडा: भंगेल एलेवेटेड रोड बनने के बावजूद उपयोग में नहीं उद्घाटन खारिज करो कि जनता आती है

राजेश बैरागी।छः अरब और आठ करोड़ की लागत से नोएडा दादरी रोड पर बने भंगेल एलेवेटेड रोड को उपयोग करने में क्या कोई अड़चन है? नोएडा प्राधिकरण महीनों पहले घोषणा कर चुका है कि यह एलेवेटेड रोड बनकर पूरी तरह तैयार है तो इसे उस आम जनता के चलने के लिए क्यों नहीं खोला जा रहा है जो सुबह से शाम तक इसी एलेवेटेड रोड के नीचे जाम में फंसने और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सांप सीढ़ी जैसा खेल खेलने के लिए अभिशप्त है।
विकसित और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने को आतुर भारत एक ऐसा देश भी है जहां परियोजनाओं का समय से पूरा होना और फिर उनका जनता के लिए उपलब्ध होना भी किसी आश्चर्य से कम नहीं होता। नोएडा प्राधिकरण द्वारा हजारों लोगों के प्रतिदिन आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सेक्टर 41 से फेज दो क्षेत्र को जोड़ने वाला महात्वाकांक्षी भंगेल एलेवेटेड रोड ऐसा ही एक उदाहरण है।8 जून 2020 को बनने शुरू हुए इस ऊपरगामी मार्ग को सबसे पहला ग्रहण कोरोना का लगा।इसे उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने बनाया है। अलाइनमेंट में आने वाली इमारतों की समस्या,सेतु निगम की लापरवाही और अन्य विभिन्न कारणों से न केवल इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने में देरी हुई बल्कि इसके बजट में भी वृद्धि करनी पड़ी। इस पर प्राधिकरण द्वारा 608 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह एलेवेटेड रोड छः लेन चौड़ा और साढ़े चार किलोमीटर लंबा बनाया गया है। इसके उपयोग में आने से नोएडा दादरी रोड पर बरौला चौराहा से भंगेल तक लगने वाले भारी जाम से लोगों को पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी। यह बनकर पूरी तरह तैयार है। प्राधिकरण ने इसके उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा है। पिछले लगभग चार महीने में मुख्यमंत्री कई बार यहां आ चुके हैं परंतु प्राधिकरण उनसे इस महत्वपूर्ण एलेवेटेड रोड का उद्घाटन कराने में असफल रहा है। उद्घाटन के बगैर प्राधिकरण इसे उपयोग न होने देने के लिए कृत संकल्प है। हालांकि इससे पहले ऐसे फ्लाईओवर तथा रोड लंबे समय तक उद्घाटित न होने पर जनता द्वारा स्वयं उपयोग में ले लेने के कई उदाहरण हैं। नोएडा के ही महामाया फ्लाईओवर को जनता ने स्वयं उपयोग में लेना शुरू कर दिया था।यूपीसीडा द्वारा साइट पांच से गौतमबुद्धनगर विश्वविद्यालय की ओर बनाया गया फ्लाईओवर भी बगैर उद्घाटन उपयोग किया जा रहा है। क्या भंगेल एलेवेटेड रोड भी किसी दिन जनता द्वारा आगे बढ़कर स्वयं उद्घाटन करने की प्रतीक्षा में है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *