रिहायशी व गैर रिहायशी श्रेणी में स्वच्छता रैंकिग प्रतियोगिता शुरू
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बल्क वेस्ट जनरेटरों (रिहायशी सोसाइटियों) के लिए स्वच्छता रैकिंग प्रतियोगिता शुरू करने का ऐलान किया है। प्रतियोगिता में पहले पायदान पर रहने वाली रिहायशी सोसाइटी को एक लाख रुपये का इनाम मिलेगा, जबकि दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाली सोसाइटी को क्रमश: 75 हजार व 50 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। सांत्वना पुरस्कार के रूप में दो सोसाइटियों को 25–25 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की जाएगी। गैर रिहायशी संस्थाएं भी इसमें आवेदन कर सकती हैं। उनके लिए भी प्रथम द्वितीय व तृतीय और सांत्वना पुरस्कार की समान धनराशि तय की गई है। विजेताओं को आगामी फरवरी में प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा में ठोस अपशिष्ट कूड़ा प्रबंधन नियम 2016 लागू है। इसके तहत बल्क वेस्ट जनरेटरों को कूड़े का निस्तारण खुद से करना होता है। प्राधिकरण री-साइकिल न हो पाने वाले इनर्ट वेस्ट को ही उठाता है। अधिकतर सोसाइटियां बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आती हैं। इस मुहिम को और बढ़ावा देने के लिए सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्वास्थ्य विभाग इस वर्ष भी बल्क वेस्ट जेनरेटरों के लिए स्वच्छता रैकिंग प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने बल्क वेस्ट जेनरेट करने वाली सभी रिहायशी सोसाइटियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। रिहायशी और गैर रिहायशी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट पर 26 दिसंबर से शुरू हो गए हैं।आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जनवरी है। प्राधिकरण ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कई पैरामीटर तय किए हैं। इससे जुड़ी जानकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट से मिलेगी।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्वच्छता रैकिंग प्रतियोगिता में ग्रेटर नोएडा की सभी सोसाइटियों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करके अपने परिसर को स्वच्छ रखने के लिए ग्रेटर नोएडा वासियों से अपील भी की है।









Leave a Reply